क्या आपके घर में भी लौकी का नाम सुनते ही बच्चे से लेकर बड़े तक नाक-मुंह बनाने लगते हैं. क्योंकि उनको लगता है कि लौकी से सिर्फ साधारण सब्जी ही बन सकती है. तो एक बार रोस्टेड लौकी का यह देसी भरता उन्हें जरूर ट्राई कराएं. बैंगन के भरते की तरह खुली आंच पर भुनी हुई लौकी से तैयार यह रेसिपी स्वाद में बिल्कुल अलग और बेहद लाजवाब लगती है. लौंग की हल्की खुशबू, सरसों के तेल का देसी स्वाद और मसालों का तड़का इस साधारण सब्जी को खास बना देता है. इस रेसिपी को शेफ कुणाल कपूर ने अपने यू्ट्यूब चैनल पर शेयर किया है. तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
कैसे बनाएं लौकी का भरता-
रोस्टेड लौकी के लिए-
- लौकी (मध्यम आकार) - 1
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- लौंग - 6-7
मसाले के लिए-
- सरसों का तेल - 1 बड़ा चम्मच
- हींग - 1/2 छोटा चम्मच
- उड़द दाल की बड़ी (दो टुकड़ों में तोड़ी हुई) - 1
- जीरा - 1 बड़ा चम्मच
- अदरक (बारीक कटी हुई) - 1 छोटा चम्मच
- प्याज (बारीक कटा हुआ) - 2 बड़े चम्मच
- टमाटर (बारीक कटे हुए) - 1/2 कप
- नमक - स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी - 1/2 छोटा चम्मच
- हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) - 1/4 कप
विधि-
- सबसे पहले मध्यम आकार की लौकी लें और उसमें जगह-जगह लौंग लगा दें. इससे भूनने के बाद लौकी के अंदर हल्की और बेहद स्वादिष्ट खुशबू आ जाएगी.
- अब लौकी पर हल्का सा तेल लगाएं और उसे गैस की खुली आंच पर बैंगन की तरह चारों तरफ से अच्छी तरह भून लें.
- लौकी को तब तक भूनें जब तक उसका छिलका पूरी तरह काला न हो जाए. इसके बाद इसे ढककर लगभग 15 से 20 मिनट के लिए रख दें.
- ऐसा करने से अंदर की भाप लौकी को अच्छी तरह पका देती है और उसका छिलका आसानी से निकल जाता है.
- जब लौकी ठंडी हो जाए तो उसका जला हुआ छिलका उतार लें. जरूरत पड़ने पर हल्के हाथ से चाकू की मदद भी ले सकते हैं.
- इसके बाद लौकी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें या हल्का सा मैश कर लें. यदि बीज सख्त लगें तो उन्हें अलग कर दें.
- अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल का कच्चापन खत्म होने तक उसे अच्छी तरह गरम होने दें.
- फिर इसमें हींग, उड़द दाल की बड़ी और जीरा डालकर भूनें. इसके बाद अदरक, प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गोल्डन होने तक पकाएं.
- अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें. मसालों को कुछ सेकंड भूनने के बाद कटे हुए टमाटर और नमक मिला दें.
- टमाटर को ज्यादा गलाने की जरूरत नहीं है, हल्का टेक्सचर रहने दें.
- जब मसाले तैयार हो जाएं तो इसमें भुनी हुई लौकी डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- मध्यम से तेज आंच पर 5 से 7 मिनट तक भूनें ताकि सारे मसाले लौकी में अच्छी तरह समा जाएं.
- लास्ट में कसूरी मेथी, हरा धनिया और थोड़ा सा नींबू का रस डालकर मिला दें. अगर भरता ज्यादा सूखी लगे तो हल्का सा पानी छिड़क सकते हैं.
सर्विंग टिप-
तैयार रोस्टेड लौकी के भरते को ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर गरमा-गरम रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसें. इसका स्मोकी फ्लेवर और देसी स्वाद हर किसी को पसंद आएगा.
ये भी पढ़ें- बिना प्याज-लहसुन के मिनटों में बनाएं ढाबे जैसी गोभी मसाला, नोट करें सीक्रेट रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं