सर्दियों के मौसम में अगर सबसे ज्यादा कोई सब्जी घरों में दिखती है तो वो फूलगोभी. अक्सर हर घर में फूलगोभी की सब्जी बनती है, लेकिन अगर आप इसे थोड़ा शाही अंदाज में बनाना चाहते हैं तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. काजू, बादाम, मखाने, दूध और मलाई से तैयार होने वाली शाही गोभी मसाला स्वाद में इतनी शानदार लगती है कि एक बार खाने के बाद आप साधारण गोभी की सब्जी भूल जाएंगे. खास बात यह है कि यह रेसिपी बिना प्याज और लहसुन के बनती है, इसलिए इसे व्रत, त्योहार या किसी खास अवसर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है.
इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल (Nilu's kitchen) पर शेयर किया गया है. अगर घर पर मेहमान आने वाले हैं या वीकेंड में कुछ स्पेशल बनाने का मन है, तो शाही गोभी मसाला एक बेहतरीन ऑप्शन है.
कैसे बनाएं शाही गोभी की सब्जी-
सामग्री-
- फूलगोभी- 500 ग्राम
- टमाटर- 6 छोटे
- अदरक- 2 इंच का टुकड़ा
- काजू- 6-7
- बादाम- 5
- हरी मिर्च- 2
- मखाना- 1/3 कप
- लौंग- 3
- हरी इलायची- 3
- दालचीनी-1 छोटा टुकड़ा
- काली मिर्च- 12-15 दाने
- दूध-1/2 कप
- लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर-1/4 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
- तेल- 3 बड़े चम्मच
- जीरा-1/2 छोटा चम्मच
- तेज पत्ता- 1
- फ्रोजन मटर- 1/3 कप
- मलाई- 2 बड़े चम्मच
- हरी मिर्च- गार्निश के लिए
- अदरक- गार्निश के लिए
- फ्रेश हरा धनिया- गार्निश के लिए
फूलगोभी को कैसे करें साफ?
सबसे पहले फूलगोभी के बड़े-बड़े फूल अलग कर लें. एक बड़े बर्तन में पानी भरकर उसमें आधा छोटा चम्मच नमक, 2 छोटे चम्मच सिरका और आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा मिला लें. अब गोभी के फूलों को इसमें 10 मिनट के लिए भिगोकर रखें. इसके बाद इन्हें 2-3 बार साफ पानी से धो लें.
शाही गोभी मसाला बनाने की विधि-
सबसे पहले प्रेशर कुकर में गोभी के फूल, टमाटर, अदरक, काजू, बादाम, हरी मिर्च, मखाने, लौंग, इलायची, दालचीनी, काली मिर्च और आधा कप दूध डाल दें. कुकर का ढक्कन लगाकर तेज आंच पर सिर्फ एक सीटी आने तक पकाएं.
प्रेशर निकलने के बाद ढक्कन खोलें और गोभी के फूल अलग निकाल लें. बाकी मिश्रण को ठंडा होने दें.
अब एक कटोरी में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी और भुना जीरा पाउडर डालें. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर घोल बना लें और कुछ मिनट के लिए रख दें.
जब कुकर वाला मिश्रण ठंडा हो जाए, तो उसे मिक्सर में डालें. साथ में धनिए के डंठल डालकर एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
ग्रेवी तैयार करें-
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और तेजपत्ता डालकर चटकाएं. अब मसालों का तैयार घोल डालें और अच्छी तरह भूनें.
इसके बाद तैयार किया हुआ टमाटर-काजू का पेस्ट डालें और लगातार चलाते हुए भूने. जरूरत हो तो थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं.
अब इसमें मटर डालें और मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग दिखाई न देने लगे. इसके बाद मलाई डालकर अच्छी तरह मिला लें. मलाई की जगह आप दही का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
सब्जी को दें लास्ट टच
अब ग्रेवी में उबली हुई फूलगोभी डालें. साथ में हरी मिर्च, अदरक के लच्छे और हरा धनिया मिलाएं.
जरूरत के अनुसार पानी और नमक डालकर 5-6 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं ताकि मसालों का स्वाद गोभी में अच्छी तरह समा जाए.
जब ग्रेवी से तेल अलग होने लगे और सब्जी गाढ़ी व रिच दिखाई देने लगे तो गैस बंद कर दें.
सर्विंग टिप-
तैयार शाही गोभी मसाला को हरे धनिए, अदरक के लच्छों और फ्रेश हरी मिर्च से गार्निश करें. इसे गरमा-गरम पूरी, पराठे, नान या चपाती के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बिना बेसन भी बन सकती है स्वादिष्ट कढ़ी? ट्राई करें कुट्टू की ये आसान Kadhi
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं