नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है. ऐसे में जो भक्त मां की भक्ति के व्रत या उपवास का पालन करते हैं उनके लिए रोज-रोज एक ही तरह का खाना कई बार बोरिंग लग सकता है. अगर आप भी साबूदाना खिचड़ी और खीर से हटकर कुछ चटपटा खाना चाहते हैं, तो एक बार जरूर ट्राई करें कुट्टू के आटे की कढ़ी. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. आमतौर पर कढ़ी बनाने के लिए हम बेसन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन व्रत में बेसन नहीं खाया जाता. ऐसे में कुट्टू का आटा (Buckwheat Flour) बेसन की जगह बेहतरीन काम करता है. यह बनाने में जितनी आसान है, खाने में उतनी ही लाजवाब है.
कैसे बनाएं कुट्टू की कढ़ी-
सामग्री-
- कुट्टू का आटा- 3 से 4 बड़े चम्मच
- फ्रेश दही- 1 कप
- सेंधा नमक- स्वाद के अनुसार
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक- 1 छोटा चम्मच
- जीरा- 1 छोटा चम्मच
- देसी घी- 1 बड़ा चम्मच
- कढ़ी पत्ता और हरा धनिया- गार्निश के लिए
- पानी- 2 से 3 कप
विधि-
- सबसे पहले एक बड़े कटोरे में फेंटा हुआ दही और कुट्टू का आटा डालें. इसे अच्छी तरह मिलाएं ताकि इसमें कोई गांठ न रहे.
- अब इसमें 2-3 कप पानी, सेंधा नमक और कटी हरी मिर्च डालकर पतला बैटर तैयार कर लें.
- अब एक कड़ाही या पैन में घी गरम करें. घी गरम होते ही इसमें जीरा और कढ़ी पत्ता डालें.
- जब जीरा चटकने लगे, तो कद्दूकस किया अदरक डालकर कुछ सेकंड भूनें.
- अब आंच धीमी करें और दही-कुट्टू के बैटर को कड़ाही में धीरे-धीरे डालें. बैटर डालते समय इसे लगातार चलाते रहें, वरना दही फट सकता है.
- जब कढ़ी में उबाल आ जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और इसे 10 से 12 मिनट तक पकने दें.
- जैसे-जैसे कढ़ी पकेगी, कुट्टू के आटे की वजह से यह अपने आप गाढ़ी होती जाएगी.
- कढ़ी जब अच्छी गाढ़ी और क्रीमी हो जाए, तो गैस बंद कर दें. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर कुट्टू की पूरी या समा के चावल के साथ सर्व करें.

कुट्टू की कढ़ी खाने के फायदे-
- कुट्टू का आटा ग्लूटेन-फ्री होता है, इसलिए व्रत के दौरान यह हल्का और पचने में आसान माना जाता है.
- इसमें फाइबर और प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है.
- यह शरीर को एनर्जी देने के साथ-साथ कमजोरी महसूस नहीं होने देता.
कुट्टू की कढ़ी बनाते किन बातों का रखें ध्यान-
- दही ज्यादा खट्टा न हो, वरना कढ़ी का स्वाद बिगड़ सकता है.
- बैटर डालने के बाद लगातार चलाते रहें, इससे कढ़ी फटने की संभावना कम रहती है.
- कढ़ी बहुत ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा गर्म पानी मिलाकर इसकी कंसिस्टेंसी एडजस्ट कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- चाय की छन्नी में जम गई है गंदगी? बिना रगड़े इन घरेलू उपायों से मिनटों में करें साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं