खाने में अगर सही मसाले का इस्तेमाल किया जाए, तो नॉर्मल सी सब्जी का स्वाद भी लाजवाब हो जाता है. इन्हीं में से एक मसाला है कसूरी मेथी. दाल हो, सब्जी, ग्रेवी, पराठे या फिर कोई स्नैक्स, थोड़ी सी कसूरी मेथी डालने से खाने में अलग ही स्वाद आ जाता है, साथ ही खाने की खुशबू भी बदल जाती है. यही वजह है कि ये मसाला लगभग हर रसोई में इस्तेमाल किया जाता है. अब, आमतौर पर लोग बाजार से कसूरी मेथी खरीदकर लाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है? इसके लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करने या किसी खास सामान की जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं घर पर कसूरी मेथी बनाने का आसान तरीका-
घर पर कैसे बनाएं कसूरी मेथी?
- इसके लिए आपको केवल ताजी मेथी की जरूरत होगी. सबसे पहले बाजार से ताजी मेथी लेकर आएं. ध्यान रखें कि मेथी की पत्तियां हरी और ताजी होनी चाहिए.
- अब, मेथी के पत्तों को डंठल से अलग कर लें. इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी भरकर पत्तियों को अच्छी तरह धो लें. ऐसा करने से पत्तियों पर लगी मिट्टी और धूल साफ हो जाएगी.
- मेथी की पत्तियों को धोने के बाद छलनी में डालकर उनका सारा पानी निकाल दें.
- अब, एक साफ सूती कपड़ा लें और उस पर मेथी की पत्तियों को अच्छी तरह फैला दें. ध्यान रखें कि पत्तियां एक-दूसरे के ऊपर ज्यादा न हों.
- कपड़े को ऐसी जगह रखें, जहां सीधी धूप न आती हो और हवा अच्छी तरह लगती हो.
मेथी की पत्तियों को छांव में सूखने में करीब तीन दिन लग सकते हैं. इस दौरान बीच-बीच में पत्तियों को हल्के हाथों से पलटते रहें, ताकि पत्तियां हर तरफ से अच्छी तरह सूख जाएं. जब पत्तियां पूरी तरह सूखकर कुरकुरी हो जाएं, पत्तियों में थोड़ी भी नमी न रहे, तो समझ लें कि आपकी घर की बनी कसूरी मेथी तैयार है.
कैसे करें स्टोर?कसूरी मेथी तैयार होने के बाद इसे हाथों से हल्का मसलकर एक साफ और पूरी तरह सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें. आपको इसे नमी और पानी से दूर रखना है. सही तरीके से सुखाकर और स्टोर करके रखने पर ये मेथी सालभर भी चल सकती है. इस तरह घर की बनी कसूरी मेथी का इस्तेमाल आप कई तरह की रेसिपी में कर सकते हैं. पनीर की सब्जी, आलू की सब्जी, मटर पनीर, मलाई कोफ्ता और दूसरी ग्रेवी वाली सब्जियों में इसे मिलाया जा सकता है. इसके अलावा आप पराठे बनाने, नमकीन और कई तरह के स्नैक्स बनाने में भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. बस इस्तेमाल करने से पहले कसूरी मेथी को अपनी हथेलियों के बीच में रखकर हल्का सा मसल लें. इससे इसकी खुशबू और अच्छी तरह बाहर आती है.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- कुकर में खीर कैसे बनाएं? जानें 15 मिनट में खीर बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं