शाम के 4 बजते ही चाय के साथ कुछ हल्का-फुलका खाने का मन करने लगता है. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से बिस्किट या नमकीन खरीदकर खाते हैं. लेकिन इन्हें सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है. ऐसे में आप घर पर ही चुकंदर के चिप्स बनाकर रख सकते हैं. ये चिप्स न केवल खाने में बेहद क्रंची और टेस्टी होंगे, बल्कि चुकंदर को सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. इसी कड़ी में यहां हम आपको चुकंदर के चिप्स बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी 'सुनीता की किचन डायरीज' नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की गई है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें
चुकंदर के चिप्स बनाने के लिए आपको-
- एक चुकंदर
- दो कप चावल का आटा
- आधा कप बेसन
- एक से दो बड़े चम्मच सफेद तिल
- एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक और
- दो बड़े चम्मच तेल की जरूरत होगी.
इसके अलावा आटा गूंथने के लिए गुनगुना पानी और चिप्स तलने के लिए जरूरत के अनुसार तेल चाहिए होगा.
कैसे बनाएं चुकंदर के चिप्स-- सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धोकर छील लें और इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
- अब, मिक्सर जार में थोड़ा पानी डालकर चुकंदर को अच्छी तरह पीस लें.
- इसके बाद तैयार मिश्रण को छलनी से छान लें. इससे चुकंदर का जूस अलग हो जाएगा. यही जूस चिप्स को खूबसूरत गुलाबी रंग देने में मदद करेगा.
- अब, एक बड़ी परात में चावल का आटा और बेसन डालें. इसमें सफेद तिल, नमक, लाल मिर्च पाउडर और दो बड़े चम्मच तेल मिलाएं. सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें.
- अब, इसमें धीरे-धीरे चुकंदर का जूस डालते हुए मिलाएं. जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी डालकर थोड़ा नरम आटा गूंथ लें. आटे पर थोड़ा तेल लगाकर पांच मिनट के लिए ढककर रख दें.
- 5 मिनट बाद सेव बनाने वाली मशीन को अंदर से थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें. इसमें तैयार आटा भरें. दूसरी तरफ कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल मध्यम गर्म होना चाहिए.
- अब, मशीन की मदद से सीधे गर्म तेल में चिप्स डाल दें. कुछ देर तक चिप्स को कड़ाही में ऐसे ही पकने दें. आपको इन्हें किसी चम्मच से चलाना नहीं है. ऐसा करने से आटा चम्मच पर चिपक सकता है.
- जब ये हल्का पक जाए, तब धीरे से पलटकर दूसरी तरफ भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
- बस इतना करते ही आपके चुकंदर के चिप्स बनकर तैयार हो जाएंगे.
आप इन्हें पूरी तरह ठंडा होने के बाद कांच के किसी एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर रख सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- सिरके वाली प्याज कैसे बनाएं? जानें रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं