VIRAL VIDEO: पुलिस की नौकरी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि हर पल जोखिम से जूझने का नाम है. ऐसे दबाव भरे माहौल में कर्तव्य पालन का मूल मंत्र देश के सबसे कद्दावर रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और पुलिस सुधारों के जनक प्रकाश सिंह ने दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में यूपी और असम के पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह ने पुलिसकर्मियों को बेहद व्यावहारिक और कड़क सलाह दी है. साल 1991 में 'पद्म श्री' से सम्मानित इस जांबाज अधिकारी का कहना है कि एक सच्चे वर्दीवाले को हमेशा 'सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा' तैयार रखना चाहिए. उन्होंने सिद्धांतों से बिना समझौता किए निडरता से फर्ज निभाने की बात कही है. यूपी और असम के डीजीपी के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल (BSF) के मुखिया रह चुके 1959 बैच के जांबाज अधिकारी प्रकाश सिंह को भारत में पुलिस सुधारों का जनक माना जाता है. अपने लंबे अनुभव का निचोड़ उन्होंने पुलिसकर्मियों को 'सिर पर कफन और जेब में इस्तीफा' रखने की सलाह देकर समझाया है.
मौत का डर कैसा? जब दिन तय है
वायरल वीडियो में प्रकाश सिंह कहते हैं कि पुलिस की नौकरी में आपको बार-बार ऐसी परिस्थितियों और जगहों पर जाना पड़ेगा, जहां सीधे मौत से सामना हो सकता है. वहां बिना किसी डर के, पूरी ताकत से डटकर खड़े रहिए. सीधा सा फंडा है कि मौत का दिन और वक्त पहले से तय है, इसे न तो कोई एक सेकंड बढ़ा सकता है और न ही घटा सकता है. फिर डरना कैसा?
"सिद्धांतों से समझौता मत करना"
नौकरी में नेताओं, रसूखदारों और सिस्टम का दबाव आम बात है. कई बार आपके वसूलों और रोजाना के काम में टकराव होगा. प्रकाश सिंह का कहना है कि जितना तालमेल बिठा सकते हैं बिठाइए, लेकिन अपनी एक 'लक्ष्मण रेखा' जरूर तय करिए. इस सीमा के पार जाकर कभी गलत काम का हिस्सा मत बनिए. इसके लिए अगर कोई बड़ी कुर्बानी भी देनी पड़े, नौकरी छोड़नी पड़े, तो जेब में इस्तीफा तैयार रखिए.
यह भी पढ़ें | योगी के साथ AI फोटो बनाकर पंचायत में दिखाई, गांव में जम गया रोला, बुजुर्ग बोले- मेरी बेटी से शादी कर लो
वे आगे कहते हैं कि अगर आप इस निडरता और ईमानदारी के साथ अपना फर्ज निभाएंगे, तो दुनिया की तो छोड़िए, खुद यमराज भी आपकी इज्जत करेंगे और आपके सीनियर अफसर भी आपकी कद्र करने को मजबूर हो जाएंगे.
यह भी पढ़ें | जान जोखिम में डालकर पाताल लोक पहुंचा राजस्थान का किसान, बताया- सूखे कुएं में पानी कैसे लाते हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं