करवा चौथ के दिन घर में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाई जाती हैं. अगर आप इस बार बाजार की मिठाइयों की जगह घर पर बनी मिठाई से व्रत खोलना चाहती हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको दूध से बने पेड़े के बारे में बता रहे हैं जिसे आसानी से कम समय में बनाया जा सकता है. सबसे अच्छी बात ये कि इसे आप पहले से बनाकर रख सकते हैं. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं दूध का पेड़ा-
सामग्री-
- 1 लीटर फुल क्रीम दूध
- 2 से 3 बड़े चम्मच चीनी
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- पिस्ता या बादाम ऑप्शनल
विधि-
- पेड़े बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाले पैन में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें.
- दूध को लगातार चलाते रहें ताकि वह तले में चिपके नहीं. धीरे-धीरे दूध गाढ़ा होने लगेगा.
- जब दूध काफी हद तक पककर मावा जैसी गाढ़ी बनावट में आ जाए, तब इसमें चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं.
- चीनी डालने के बाद मिश्रण थोड़ा पतला हो सकता है, इसलिए इसे कुछ मिनट और पकाएं.
- जब मिश्रण पैन छोड़ने लगे और एकसार हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर मिला लें.
- अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.
- जब मिश्रण इतना ठंडा हो जाए कि हाथ से छुआ जा सके, तब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पेड़े का आकार दें.
- चाहें तो बीच में हल्का सा दबाव बनाकर ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम लगा सकते हैं. तैयार पेड़ों को 15 से 20 मिनट के लिए सेट होने दें.
- अगर आप जल्दी पेड़ा बनाना चाहते हैं, तो दूध की जगह तैयार मावा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

दूध पेड़ा बनाने वक्त किन बातों का रखें खास ख्याल-
- दूध को हमेशा भारी तले वाले बर्तन में पकाएं.
- लगातार चलाते रहें, नहीं तो दूध तले में लग सकता है.
- चीनी लास्ट में डालें, इससे मिश्रण जल्दी गाढ़ा होता है.
- पेड़ा बनाते समय हाथों पर थोड़ा घी लगा लें.
कितने दिनों तक स्टोर कर सकते हैं दूध पेड़ा?
घर में बना दूध पेड़ा एयरटाइट कंटेनर में रखकर 4-5 दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रखा जा सकता है.
क्यों खास है करवा चौथ पर दूध पेड़ा?
दूध पेड़ा पारंपरिक भारतीय मिठाइयों में से एक है. इसे पूजा के प्रसाद के रूप में भी चढ़ाया जाता है और व्रत खोलने के बाद मीठे के तौर पर भी खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- करवा चौथ की तैयारी में शामिल करें ये 4 हेल्दी ड्रिंक्स, चेहरे पर आएगा नेचुरल ग्लो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं