विज्ञापन

Homemade Chyawanprash: आंवला च्यवनप्राश बनाने की घरेलू रेसिपी क्या है? जानिए च्यवनप्राश बनाने में क्या-क्या डाला जाता है

होममेड च्यवनप्राश जुकाम, खांसी, गले में खराश और कमजोर इम्यूनिटी जैसी समस्याओं को दूर करने में काफी मददगार साबित होता है. इसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसके लिए किन चीजों की जरूरत होगी और आसान रेसिपी.

Homemade Chyawanprash: आंवला च्यवनप्राश बनाने की घरेलू रेसिपी क्या है? जानिए च्यवनप्राश बनाने में क्या-क्या डाला जाता है
आंवले का च्यवनप्राश घर पर कैसे बनाएं
Photo Credit: NDTV

Ghar Par Aanwale Se Chyawanprash Kaise Banaen: सर्दियों का सीजन शुरू हो गया है और मौसम बदलते ही जुकाम, खांसी, गले में खराश और कमजोर इम्यूनिटी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं. ऐसे में लोग अपनी इम्यूनिटी मजबूत करने के लिए कई तरह के सप्लीमेंट्स और हेल्थ टॉनिक का सहारा लेते हैं. ऐसे में अगर आप एक प्राकृतिक और घर पर बनने वाला हेल्दी ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो आंवले से तैयार किया गया होममेड च्यवनप्राश आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि च्यवनप्राश बनाने में क्या-क्या डाला जाता है और इसकी आसान रेसिपी क्या है. इसकी जानकारी @trivenispaakshala नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.

च्यवनप्राश बनाने के लिए सामग्री

  • 1 किलो ताजे आंवले
  • 400 ग्राम गुड़
  • 100 मिली शहद
  • 5 ग्राम लौंग
  • 3 ग्राम दालचीनी
  • 1 ग्राम जावित्री
  • 1 जायफल
  • 15 ग्राम काली मिर्च
  • 3 तेजपत्ते
  • 15 ग्राम सोंठ
  • 10 ग्राम जीरा
  • 3 ग्राम शाह जीरा
  • 5 ग्राम सूखा धनिया
  • 5 ग्राम सौंफ
  • 5 ग्राम अजवाइन
  • 25-30 तुलसी के पत्ते
  • 7 हरी इलायची
  • 10 ग्राम अदरक
  • 50 ग्राम देसी घी
  • 40 ग्राम तिल का तेल
  • थोड़ा सा सेंधा नमक और काला नमक

यह भी पढ़ें: रसम पाउडर कैसे बनाएं? जानिए घर पर रसम प्रीमिक्स को स्टोर करने का तरीका

च्यवनप्राश बनाने की घरेलू रेसिपी

च्यवनप्राश बनाने के लिए सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें. फिर इन्हें स्टीमर में 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं. जब आंवलों पर दरारें दिखाई देने लगें और वे नरम हो जाएं, तो उन्हें निकालकर ठंडा कर लें. इसके बाद मसाला तैयार करें. इसके लिए आप लौंग, दालचीनी, जावित्री, काली मिर्च, तेजपत्ता, सोंठ, जीरा, शाह जीरा, सूखा धनिया, सौंफ, अजवाइन और इलायची को हल्का भून लें. ठंडा होने पर इन्हें बारीक पीसकर छान लें. 

Latest and Breaking News on NDTV

इसके बाद आंवले का पेस्ट बनाएं. इसके लिए ठंडे हुए आंवलों के बीज निकाल दें. इसमें तुलसी के पत्ते और अदरक मिलाकर बिना पानी डाले बारीक पेस्ट तैयार करें. बाद में इस पेस्ट को छान लें ताकि इसका टेक्सचर स्मूद हो जाए. इसके बाद एक भारी तले की कढ़ाई में घी और तिल का तेल गर्म करें. अब आंवले का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर भूनें. कुछ मिनट बाद इसमें गुड़ डाल दें और लगातार चलाते हुए पकाएं.

जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब सेंधा नमक, काला नमक और तैयार मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. आखिर में शहद डालें और गैस बंद कर दें. शहद डालने के बाद मिश्रण को ज्यादा देर तक न पकाएं. फिर मिश्रण के हल्का ठंडा होने पर उसे साफ और सूखे कांच के जार में भर लें. ठंडा होने के बाद यह और ज्यादा गाढ़ा हो जाएगा. आपका च्यवनप्राश बनकर तैयार है.

च्यवनप्राश का सेवन कैसे करें?

  • सुबह खाली पेट 1 से 2 चम्मच च्यवनप्राश खा सकते हैं.
  • एक गिलास गुनगुने पानी में मिलाकर भी इसका सेवन किया जा सकता है.
  • रात को सोने से लगभग आधा घंटा पहले गुनगुने पानी के साथ लेने पर भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: बिना टूटे बाजरे की रोटी कैसे बनाएं? बाजरे की गोल-गोल रोटी बनाने का सही तरीका

यह भी पढ़ें: रसम पाउडर कैसे बनाएं? जानिए घर पर रसम प्रीमिक्स को स्टोर करने का तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Chyawanprash, Amla
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com