- छठ के बाद काम पर वापस लौटने वालों के लिए ट्रेन.
- लखनऊ से गुजरेगी दिल्ली-मुंबई-गुजरात-पंजाब वाली ट्रेन.
- स्पेशल ट्रेनों में तीन जोड़ी ट्रेनें और पांच एकतरफा ट्रेनें शामिल.
छठ पूजा के दौरान अपने घर आने-जाने और पर्व के बाद काम पर वापसी करने वाले यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ के रास्ते पूर्वांचल, बिहार, दिल्ली, पंजाब, मुंबई और गुजरात के लिए 8 वनवे स्पेशल ट्रेन चलाया जाएगा. इनमें से अधिकांश ट्रेनें सोमवार से बुधवार के बीच लखनऊ के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों लखनऊ (उत्तर रेलवे/चारबाग) और ऐशबाग से होकर गुजर रही हैं, जिससे गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बिहार तथा मुंबई, पुणे, गुजरात, दिल्ली और अमृतसर की यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट का बेहतर विकल्प मिल रहा है.
मुंबई और पुणे के लिए विशेष रेलगाड़ियां
मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) और गोरखपुर के बीच एक जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेन (01041/01042) चलाई जा रही है. ट्रेन नंबर 01041, 15 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन कानपुर सेंट्रल होते हुए शाम 7:55 बजे लखनऊ (उत्तर रेलवे) पहुंचेगी और बाराबंकी, गोंडा व बस्ती के रास्ते तीसरे दिन तड़के 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 01042, 17 नवंबर को सुबह 5:30 बजे गोरखपुर से चलकर सुबह 11:55 बजे लखनऊ आएगी और कानपुर, झांसी, भोपाल व भुसावल होते हुए अगले दिन शाम 4:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी. इसके अतिरिक्त, छठ के बाद मुंबई लौटने वाले यात्रियों के लिए 18 नवंबर को एकतरफा बरौनी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (05291) चलाई जाएगी, जो सुबह 8:00 बजे बरौनी से चलकर रात 11:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी और कानपुर, झांसी, रानी कमलापति और इटारसी के रास्ते तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी.
वहीं, बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर के बीच एकतरफा ट्रेन नंबर 09113 रविवार सुबह 4:30 बजे बांद्रा से चलकर सोमवार दोपहर 1:30 बजे लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन होते हुए शाम 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
पुणे के हडपसर और गोरखपुर के बीच भी एक जोड़ी विशेष ट्रेन (01457/01458) का संचालन हो रहा है. ट्रेन नंबर 01457, 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हडपसर से चलकर अगले दिन शाम 7:55 बजे लखनऊ और तीसरे दिन तड़के 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी दिशा में ट्रेन नंबर 01458, 18 नवंबर को सुबह 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर सुबह 11:55 बजे लखनऊ आएगी और अगले दिन शाम 6:00 बजे हडपसर पहुंचेगी.
गुजरात के प्रतापनगर और रक्सौल के बीच संचालन
गुजरात के प्रतापनगर (वडोदरा) और बिहार के रक्सौल के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है. प्रतापनगर-रक्सौल एकतरफा स्पेशल (09133) सोमवार 16 नवंबर की रात 11:50 बजे प्रतापनगर से रवाना होकर मंगलवार शाम 6:50 बजे लखनऊ (उत्तर रेलवे) पहुंचेगी और बाराबंकी, गोंडा, बस्ती व गोरखपुर के रास्ते बुधवार सुबह 6:30 बजे रक्सौल पहुंचेगी. दूसरी ओर, गुजरात लौटने वाले यात्रियों के लिए 18 नवंबर को रक्सौल-प्रतापनगर एकतरफा स्पेशल (05583) चलाई जाएगी. यह ट्रेन सुबह 10:15 बजे रक्सौल से चलकर रात 9:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी और कानपुर सेंट्रल, झांसी, उज्जैन, रतलाम व गोधरा के रास्ते अगले दिन शाम 5:00 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी.
दिल्ली और पंजाब के लिए स्पेशल ट्रेनें
उत्तर भारत के प्रमुख शहरों दिल्ली और अमृतसर जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने एकतरफा विशेष ट्रेनें चलाई हैं. दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल (05549) सोमवार शाम 7:30 बजे दरभंगा से रवाना होकर रक्सौल, गोरखपुर और गोंडा होते हुए मंगलवार सुबह 10:40 बजे लखनऊ (उत्तर रेलवे) पहुंचेगी और मुरादाबाद व गाजियाबाद के रास्ते शाम 7:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. इसी प्रकार, झंझारपुर-अमृतसर स्पेशल (05547) सोमवार शाम 5:00 बजे झंझारपुर से चलकर मंगलवार सुबह 7:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन हरदोई, बरेली और मुरादाबाद होते हुए दोपहर 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी तथा अंबाला कैंट और लुधियाना के रास्ते बुधवार तड़के 1:00 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
इन आठ विशेष सेवाओं में तीन जोड़ी ट्रेनें और पांच एकतरफा ट्रेनें शामिल हैं, जिनसे त्योहारी सीजन में विभिन्न राज्यों की ओर यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
यह भी पढ़ें | बिहार से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद व कोलकाता जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में खाली हैं सीटें, फटाफट बुक करें टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं