रोज-रोज एक ही जैसी गेहूं की रोटी खाकर कई बार मन ऊब जाता है. अगर आप भी अपनी रोज़ की डाइट में थोड़ा बदलाव कर खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो गेहूं के अलावा भी कई ऐसे पौष्टिक आटे मौजूद हैं, जिनकी रोटियां न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती हैं, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं हैं. इन्हें बनाना भी बहुत आसान है और ये आपके पेट को हल्का और शरीर को फिट रख सकती हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 4 आटों के बारे में जिन्हें आप अपनी रोज़ की थाली में शामिल कर सकते हैं.
कौन से आटे की रोटियां खाएं- (Wheat Roti Alternatives)
1. रागी की रोटी- (Ragi Roti)
रागी यानी मडुआ, अपने अंदर कई सारे पोषक तत्व समेटे हुए है. यह कैल्शियम का पावरहाउस है, यानी हड्डियां मजबूत करने के लिए यह सबसे बेहतरीन आटा है. रागी की रोटी थोड़ी भूरे रंग की होती है और इसका स्वाद भी बहुत सोंधा लगता है.
ये वीडियो भी देखें-
2. ज्वार की रोटी- (Jowar Roti)
ज्वार का आटा हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है. खासकर पेट से जुड़ी समस्याओं और वजन घटाने वालों के लिए यह एकदम परफेक्ट है. ज्वार में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन को दुरुस्त रखता है और लंबे समय तक पेट भरा होने का अहसास कराता है. इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए गर्मियों में इसका सेवन बहुत राहत देता है.
नोट- ज्वार का आटा थोड़ा सूखा होता है, इसलिए इसकी रोटी बनाते वक्त गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें ताकि रोटियां नरम और फूली-फूली बनें.
3. बाजरे की रोटी- (Bajra Roti)
बाजरा आयरन, प्रोटीन और मैग्नीशियम से भरपूर होता है. यह शरीर को अंदर से गर्म रखता है और एनर्जी देता है. जो लोग जोड़ों के दर्द से परेशान हैं या जिन्हें खून की कमी (एनीमिया) है, उनके लिए बाजरे की रोटी बहुत फायदेमंद होती है.

Photo Credit: Canva
कैसे खाएं- इसे गुड़ या बटर के साथ खाने का मज़ा ही अलग है.
4. मक्के की रोटी- (Makki ki Roti)
मक्के की रोटी पंजाब की शान तो है ही, साथ ही देश के हर कोने में पसंद की जाती है. मक्के के आटे में विटामिन ए, सी, और के के साथ-साथ आयरन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है. यह आंखों की रोशनी बढ़ाने और इम्म्यूनिटी मजबूत करने में मदद करता है.
कैसे कएं- मक्के की रोटी थोड़ी क्रिस्पी और स्वादिष्ट होती है, जिसे घी या मक्खन लगाकर खाने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
ये भी पढ़ें- किचन की चिमनी पर जम गई है जिद्दी चिकनाई? ये आसान ट्रिक मिनटों में कर देंगे साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं