Flaxseed oil Recipe : अलसी के बीज कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है. मुख्य रूप से इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं. नियमित रूप से अगर आप इसका सेवन करते हैं, तो यह आपके बालों से लेकर स्किन की परेशानी को दूर कर सकता है. अलसी के बीजों के अलावा इसका तेल भी इस्तेमाल करना सेहत के लिए फायदेमंंद होता है. इसलिए कई लोग मार्केट से इसका तेल खरीदते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे आप घर पर भी आसान तरीके से तैयार कर सकते हैं. यहां जानते हैं अलसी के तेलों को घर पर कैसे तैयार करें?
घर पर कैसे बनाएं अलसी का तेल?
- अलसी का तेल बनाने के लिए सबसे पहले अलसी के बीजों को साफ कर लें.
- इसके बाद उन्हें हल्का भून लें ताकि उनमें मौजूद नमी खत्म हो जाए. अब बीजों को मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें.
- इस पाउडर को साफ सूती कपड़े में बांधकर अच्छी तरह दबाएं.
- धीरे-धीरे तेल निकलना शुरू हो जाएगा. अगर अधिक मात्रा में तेल चाहिए तो कोल्ड-प्रेस मशीन का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- तेल निकालने के बाद इसे कांच की बोतल में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें.
कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार
अलसी के तेल में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में पाया जाता है. ये शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बनाए रखने में मदद कर सकता है. नियमित और संतुलित मात्रा में इसका सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है.
बाल झड़ने की समस्या में कैसे करें इस्तेमाल?
अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं या बेजान हो गए हैं तो अलसी का तेल मदद कर सकता है. इसमें मौजूद फैटी एसिड बालों की जड़ों को पोषण देते हैं. इसे हल्का गुनगुना करके सिर की त्वचा पर लगाएं और 20 से 30 मिनट तक मसाज करें. इसके बाद हल्के शैम्पू से बाल धो लें. सप्ताह में 2 बार इसका इस्तेमाल बालों की चमक और मजबूती बढ़ाने में मदद कर सकता है.
स्किन के लिए भी फायदेमंद
अलसी का तेल त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. सूखी और रूखी त्वचा वाले लोग इसकी कुछ बूंदें मॉइस्चराइजर में मिलाकर लगा सकते हैं. इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में भी सहायक हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें - आज क्या बनाऊं: क्या आप भी हमेशा रहते हैं थके-थके? दवा नहीं, रोज सुबह खाएं 1 अलसी का लड्डू, जानें रेसिपी और फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं