भारत में चावल सबसे ज्यादा खाए जाने वाले खाद्य पदार्थों में से एक है. कई लोगों के लिए बिना चावल के खाना अधूरा लगता है. लेकिन अक्सर सवाल उठता है कि आखिर एक दिन में कितना चावल खाना चाहिए ताकि शरीर को ऊर्जा भी मिले और वजन या ब्लड शुगर भी न बढ़े. डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी का कहना है कि चावल की सही मात्रा व्यक्ति की उम्र, शारीरिक गतिविधि, वजन और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करती है.
एक दिन में कितनी मात्रा सही मानी जाती है?
सामान्य तौर पर एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति दिनभर में 1 से 2 कप पके हुए चावल खा सकता है. एक कप पके हुए चावल में लगभग 150 से 200 ग्राम चावल होता है. अगर आपकी शारीरिक गतिविधि ज्यादा है, जैसे कि आप नियमित व्यायाम करते हैं या मेहनत वाला काम करते हैं, तो आप थोड़ी अधिक मात्रा ले सकते हैं.
वहीं, जिन लोगों को वजन कम करना है या डायबिटीज की समस्या है, उन्हें चावल की मात्रा सीमित रखने की सलाह दी जाती है.
ज्यादा चावल खाने के नुकसान क्या हैं?
चावल में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है. जरूरत से ज्यादा चावल खाने पर क्या हो सकता है, जैसे-
- वजन बढ़ सकता है.
- ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है.
- पेट की चर्बी बढ़ने का खतरा रहता है.
- बार-बार भूख लग सकती है.
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि चावल पूरी तरह छोड़ देना चाहिए. सही मात्रा और संतुलित आहार के साथ चावल का सेवन किया जा सकता है.
चावल खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
चावल के साथ हरी सब्जियां, दाल और सलाद जरूर खाएं.
सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस या हैंड-पाउंडेड राइस बेहतर विकल्प हो सकते हैं.
रात के समय बहुत ज्यादा चावल खाने से बचें.
प्लेट का आधा हिस्सा सब्जियों से भरें और बाकी में चावल लें.
किसे चावल कम खाना चाहिए?
डायबिटीज, मोटापा, फैटी लिवर या इंसुलिन रेजिस्टेंस से जूझ रहे लोगों को सीमित मात्रा में चावल खाना चाहिए. ऐसे लोगों को डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार डाइट प्लान फॉलो करना चाहिए.
ये भी पढ़ें - रात का बचा चावल फेंकें नहीं, सुबह बनाएं ये 5 टेस्टी नाश्ते
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं