यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्पेजेंटेटिव (USTR) जैमीसन ग्रीर की ओर से भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव से भारतीय निर्यातक तनाव में हैं. हालांकि, भारत के साथ ट्रेड डील होने पर टैरिफ 17% तक रह सकती है, लेकिन अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि के ऐलान से भारतीय एक्सपोर्ट सेक्टर में अनिश्चितता बढ़ गई है. इस बीच खबर है कि घरेलू बाजार में चावल की कीमतों को काबू में करने के लिए गैर-बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंध और बासमती चावल पर मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस (MEP) लगाने पर विचार किया जा रहा है. इसको लेकर देश के बड़े चावल निर्यातकों की चिंता और बढ़ गयी है. अब ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (AIREA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर कई मांगे रखी हैं.
एसोसिएशन के महासचिव अजय भलोटिया ने पीएम मोदी को लिखी चिठ्ठी में कहा है, ''मीडिया में ऐसी खबरें आई हैं कि सरकार घरेलू बाजार में चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए गैर-बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंध तथा बासमती चावल पर मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस लगाने पर विचार कर रही है. हम सरकार की महंगाई नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा की चिंता को पूरी तरह समझते हैं. हालांकि, हमारा अनुरोध है कि ऐसा कोई निर्णय लेने से पहले किसानों, निर्यातकों और पूरे चावल व्यापार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का भी आकलन किया जाए".
यह भी पढ़ें | क्या ट्रेड डील की शर्तें मनवाने के लिए ट्रंप ने चला टैरिफ कार्ड? समझिए अमेरिका की स्ट्रेटजी
बासमती निर्यात पर किसी भी तरह की रोक से किसानों पर असर
एसोसिएशन के मुताबिक, बासमती के कुल उत्पादन का लगभग 80% निर्यात बाजार पर निर्भर है. इसलिए बासमती निर्यात पर किसी भी तरह की रोक या मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस लगाने का सीधा असर किसानों की आय और भारत के अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ेगा.
बासमती निर्यात के आंकड़े
| वित्त वर्ष | निर्यात मात्रा (लाख MT) | निर्यात मूल्य (₹ करोड़) | प्राप्ति (USD/MT) |
| 2023-24 | 52.42 | 48,389 | 1,113.50 |
| 2024-25 | 60.65 | 50,312 | 979.98 |
| 2025-26 | 65.22 | 50,137 | 669.70 |
इन आकड़ों से साफ है कि पिछले 3 सालों में निर्यात मात्रा लगभग 24% बढ़ी, लेकिन प्रति टन विदेशी मुद्रा प्राप्ति लगभग 22% घट गई यानी अधिक मात्रा में निर्यात के बावजूद भारत को प्रति टन कम विदेशी मुद्रा हासिल हो रही है. इसे देखते हुए एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि बासमती चावल के निर्यात पर कोई प्रतिबंध, मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस या निर्यात शुल्क लगाने से पहले एसोसिएशन के साथ बैठक कर सभी पहलुओं पर चर्चा की जाए.
चावल निर्यातकों ने की ये मांग
गैर-बासमती चावल को लेकर चावल निर्यातकों की मांग है कि सरकार सरकारी पूल में उपलब्ध चावल का बफर स्टॉक, घरेलू खपत और आगामी महीनों की आवश्यकता, सरकारी खरीद और एमएसपी की स्थिति, आगामी फसल का उत्पादन अनुमान, निर्यात प्रतिबंध का किसानों और व्यापारियों और निर्यातकों पर संभावित प्रभाव से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा करने के बाद ही कोई अंतिम फैसला करे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं