अक्सर ऐसा होता है कि हम रात मेंनाप-तोल कर खाना बनाते हैं, लेकिन फिर भी सुबह के लिए कुछ न कुछ बच जाता है. अक्सर पतीले में बचने वाली चीज एक या दो कटोरी चावल ही होते हैं. अब सुबह उठते ही सबसे बड़ी उलझन ये होती है कि इस ठंडे बासी चावल का करें क्या. बहुत से लोग इसे बेमन से दाल में मिलाकर निगल लेते हैं, तो कई लोग बासी समझकर सीधे कूड़ेदान में डाल देते हैं.
अब ऐसा कौन है, जिसे यूं खाने को फेंकते हुए बुरा न लगता हो. अगर आपके घर में भी रात का चावल बच गया है, तो उसे फेंकने की भूल बिल्कुल मत कीजिए. थोड़ी सी समझदारी और घर के आम मसालों से आप इसी चावल से ऐसा करारा और मजेदार नाश्ता तैयार कर सकते हैं कि घरवाले चाय के साथ चटकारे लेकर खाएंगे.
बासी चावल फेंकने से पहले ये दो बातें समझ लें
अक्सर लोगों के मन में वहम रहता है कि रात का रखा चावल पेट खराब कर देगा. पर हकीकत ये है कि अगर चावल को रात में ठंडा होने के बाद ढंग से ढककर फ्रिज में रखा गया हो, तो वो सुबह के नाश्ते के लिए एकदम परफेक्ट रहता है.
ठंडा होने के बाद चावल का दाना कड़ा हो जाता है और आपस में चिपकता नहीं, इसलिए इससे बनने वाला नाश्ता बहुत कुरकुरा बनता है. सुबह की भागमभाग में जब बच्चों का टिफिन तैयार करना हो या दफ्तर जाने की जल्दी हो, तो ये बचा हुआ चावल आपका आधा झंझट खत्म कर देता है. हां, एक बात का ध्यान रखें कि चावल में से कोई खट्टी गंध न आ रही हो और हाथ लगाने पर वो चिपचिपा या लिसलिसा न हुआ हो.

1. करारे राइस कटलेट या चावल की टिक्की
सुबह-सुबह कड़क चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन हो, तो रात के चावल की टिक्की से बढ़िया कुछ नहीं हो सकता. ये बाहर से एकदम क्रंची और अंदर से बेहद नर्म बनती हैं.
- रात के बचे चावल को एक बड़ी परात में निकाल लें और हथेली से अच्छी तरह मसल लें.
- इसमें एक उबला हुआ आलू कद्दूकस करके मिला लें ताकि टिक्की बंधने में आसानी रहे.
- एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च, थोड़ा सा हरा धनिया, आधी चम्मच चाट मसाला, लाल मिर्च और स्वाद के मुताबिक नमक डाल लें.
- टिक्की को ज्यादा कुरकुरा बनाने के लिए इसमें दो चम्मच सूजी या थोड़ा सा चावल का आटा मिला दें.
- अब गोल-गोल टिक्की बनाकर तवे पर हल्का सा तेल डालकर दोनों तरफ से धीमी आंच पर सेक लें.
- हरी चटनी या सॉस के साथ गरमा-गरम परोसें, खाने वाला पकड़ ही नहीं पाएगा कि ये बासी चावल से बनी है.
Also Read: बचे हुए चावल से बनाएं 7 टेस्टी डिशेज, टिफिन खाली करके लाएंगे बच्चे

2. बाजार जैसा देसी फ्राइड राइस
बच्चों को फ्राइड राइस बहुत पसंद आता है. फ्राइड राइस के लिए ठंडे चावल इस्तेमाल करने पर दाने अलग-अलग रखना आसान होता है, क्योंकि गरम चावल कढ़ाई में जाते ही हलवा बन जाता है.
- कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच तेल या घी गर्म करें और उसमें बारीक कटा लहसुन और हरी मिर्च तड़काएं.
- घर में जो भी सब्जी पड़ी हो, जैसे थोड़ी सी पत्ता गोभी, शिमला मिर्च या गाजर, उन्हें बारीक काटकर तेज आंच पर एक मिनट भून लें. सब्जियों को ज्यादा गलाना नहीं है, उनका क्रंच बना रहना चाहिए.
- अब इसमें थोड़ा सा सोया सॉस, सिरका और कुटी हुई काली मिर्च डालें.
- इसके बाद बचा हुआ चावल कढ़ाई में डालकर हल्के हाथ से चलाएं ताकि दाने टूटे नहीं.
- दो मिनट में आपका बढ़िया फ्राइड राइस तैयार हो जाएगा. इसे बच्चे बड़े शौक से टिफिन में ले जाते हैं.

3. खट्टा-मीठा तड़का लेमन राइस
अगर सुबह के वक्त कुछ बहुत हल्का-फुल्का और चटपटा खाने का दिल कर रहा है, तो 5 मिनट में बनने वाला ये साउथ इंडियन लेमन राइस सबसे मुफीद नाश्ता है.
- एक पैन में दो चम्मच तेल गरम करें और उसमें थोड़ी सी राई और उड़द की दाल डालें.
- 8-10 करी पत्ते, दो सूखी लाल मिर्च और मुट्ठी भर मूंगफली के दाने डालकर हल्का सुनहरा भून लें.
- अब आधा चम्मच हल्दी पाउडर और नमक डालकर सीधे रात का बचा चावल मिला दें.
- चावल को तड़के के साथ दो मिनट अच्छे से चलाएं ताकि हल्दी का पीला रंग पूरे चावल पर चढ़ जाए.
- गैस बंद करने के बाद ऊपर से एक पूरा नींबू निचोड़ दें और बारीक धनिया पत्ती बुरक दें. इसका खट्टा स्वाद सुबह का मूड बना देगा.

4. 10 मिनट में बनने वाला राइस चीला या उत्तपम
अगर घर में डोसा या चीले का घोल नहीं है, तो बासी चावल से आप मिनटों में जालीदार चीला तैयार कर सकते हैं.
- मिक्सी के जार में एक कटोरी बचा हुआ चावल, आधा कप सूजी और दो चम्मच ताजा दही डालें.
- थोड़ा सा पानी डालकर इसे एकदम महीन पीस लें.
- इस गाढ़े घोल को किसी बर्तन में निकालें और 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सूजी फूल जाए.
- अब इसमें नमक, बारीक कटा प्याज, टमाटर और हरी मिर्च मिला लें.
- तवे पर हल्का सा तेल लगाकर इस घोल को कलछी से फैलाएं और दोनों तरफ से सेंक लें.
- ये चीला इतना नर्म बनता है कि मुंह में जाते ही घुल जाता है.

5. क्रिस्पी राइस पकोड़े
अगर मौसम सुहाना हो या हल्की बारिश हो रही हो, तो बचे चावल के पकोड़े बनाकर देखिए. ये सादे बेसन के पकोड़ों से भी ज्यादा करारे बनते हैं.
- एक बर्तन में बचा हुआ चावल लें और उसमें तीन-चार चम्मच बेसन मिला लें.
- थोड़ी सी अजवाइन, कुटी लाल मिर्च, हल्दी, नमक और ढेर सारा कटा प्याज डाल लें.
- हल्का सा पानी का छींटा मारकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें, ध्यान रहे घोल पतला नहीं होना चाहिए.
- कड़ाही में तेल गर्म करें और छोटे-छोटे पकोड़े डालकर मध्यम आंच पर तल लें.
- अदरक वाली गरमा-गरम चाय के साथ इन पकोड़ों का स्वाद लाजवाब लगता है.
बचे हुए चावल को संभालते वक्त ये सावधानियां जरूर बरतें
चावल से कोई भी चीज बनाने से पहले कुछ बुनियादी बातों का ख्याल रखना बहुत जरूरी है ताकि सेहत न बिगड़े.
- रात का खाना खत्म होते ही बचे हुए चावल को तुरंत ढक्कन वाले डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें. बाहर किचन के स्लैब पर रातभर खुला रखने से उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा रहता है.
- सुबह जब भी नाश्ता बनाना हो, तो पकाने से 10 मिनट पहले ही चावल को फ्रिज से बाहर निकालें ताकि वो थोड़ा सामान्य हो जाए.
- अगर चावल से हल्की सी भी खटास की बू आ रही हो या उंगलियों पर चिपचिपाहट लगे, तो बिना किसी लालच के उसे फेंक देना ही बेहतर है. खराब चावल खाने से पेट में इंफेक्शन हो सकता है.
- बासी चावल से जो भी नाश्ता बनाएं, उसे उसी वक्त ताजा खाकर खत्म करें, उसे बार-बार गर्म करके दोबारा फ्रिज में न रखें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं