अक्सर लोग ऑफिस जाते हैं तो टिफिन में एक या दो बार का खाना पैक करके ले जाते हैं. लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर गुरुग्राम के एक शख्स का फूड रूटीन वायरल हो रहा है, जिसे देखकर इंटरनेट की जनता के होश उड़े हुए हैं. इस बंदे का खाने का सिलसिला सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नॉन-स्टॉप चलता रहता है. लोग मजेदार कमेंट्स करते हुए कह रहे हैं कि भाई साहब काम के बीच में लंच ब्रेक नहीं लेते, बल्कि लंच के बीच में थोड़ा-बहुत काम करते हैं.
सुबह से शाम तक क्या-क्या खाता है ये शख्स?
इस वायरल वीडियो में शख्स ने दिखाया है कि वह सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे की शिफ्ट के दौरान क्या-क्या खाता है.
- सुबह 9 बजे- दिन की शुरुआत भारी-भरकम पनीर पराठा, दाल और चाय या कॉफी के साथ होती है.
- सुबह 10 बजे- इसके ठीक एक घंटे बाद मैक्रोनी का नंबर आ जाता है.
- सुबह 11 बजे- सेहत का ध्यान रखते हुए काले चने खाए जाते हैं.
- दोपहर 12 बजे- फ्रूट्स का टाइम, जिसमें संतरे, सेब और अंगूर शामिल होते हैं.
- दोपहर 12:30 बजे- मैजिक ड्रिंक यानी एप्पल साइडर विनेगर (ACV) और 1 बजे अलग-अलग सप्लीमेंट्स.
- दोपहर 1:30 बजे- चावल, दाल, खीरा, क्रंची नमकीन और साथ में मीठी खीर.
- दोपहर 2:30 बजे- पेट अभी भरा नहीं है, इसलिए पानी पूरी यानी गोलगप्पे आ जाते हैं.
- दोपहर 3:30 बजे- थोड़ी शांति के लिए ग्रीन टी.
- शाम 4:30 बजे- ऑफिस की शाम बिना चाय और समोसे के कैसे पूरी हो सकती है.
सोशल मीडिया पर जमकर कर रहे लोग कमेंट्स-
इस वीडियो को देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स जमकर मजे ले रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, भाई साहब, ये नौकरी करने नहीं बल्कि खाने जाता है. वहीं दूसरे ने लिखा, इस बंदे ने आठ घंटे के अंदर तीन दिन का खाना खा लिया है. एक अन्य यूजर ने तो यह तक पूछ लिया कि भाई, तुम काम करने के लिए थोड़ा-बहुत टाइम निकालते हो या पूरा दिन सिर्फ खाने में ही निकल जाता है? कुछ लोगों ने यह भी चिंता जताई कि आखिर इतनी वैरायटी का खाना रोज़ कौन बनाता है? एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, भाई, अब तुम्हें सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं है, बल्कि सप्लीमेंट्स को तुम्हारी जरूरत.
ये भी पढ़ें- क्या आपने खाया है बैंगनी रंग का आलू? कुफरी जामुनिया के फायदे जानकर हो जाएंगे हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं