Moong Dal Halwa Kaise Banta Hai: सर्दियों के मौसम में गरमागरम हलवा खाने का मजा ही अलग होता है. ऐसे में कई लोगों को मूंग दाल का हलवा खाना बहुत पसंद होता है. कुछ लोगों को ये हलवा बनाना बहुत मुश्किल लगता है, इसलिए वे बाहर से ऑर्डर कर लेते हैं. लेकिन ऐसा नहीं है, आप मूंग दाल के हलवे को घर पर आसानी से बना सकते हैं. खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए मावा, मिल्क पाउडर या कंडेंस्ड मिल्क की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद चीजों से ये हलवा तैयार हो जाता है और स्वाद इतना लाजवाब होता है कि हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा. आज हम आपको मूंग दाल हलवा की रेसिपी बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी निशा मधुलिका ने अपने यूट्यूब चैनल से शेयर की है.
मूंग दाल हलवा के लिए जरूरी चीजें
- धुली मूंग दाल: आधा कप
- बादाम: 50 ग्राम
- घी: आधा कप
- सूजी: 2 बड़े चम्मच
- दूध की मलाई: 1 कप
- दूध: 2 कप
- चीनी: 1 कप
- केसर
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
यह भी पढ़ें: घर पर पाव भाजी मसाला कैसे बनाएं? नोट कर लें बाजार जैसा मसाला बनाने की रेसिपी
ऐसे बनाएं मूंग दाल का हलवा
वीडियो में निशा मधुलिका ने बताया कि सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर एक घंटे के लिए हल्के गुनगुने पानी में भिगो दें. जब दाल नरम हो जाए तो उसका पानी निकालकर बिना पानी डाले हल्का दरदरा पीस लें
दूसरी ओर बादाम को गर्म पानी में भिगोकर छिलका हटा लें. इसके बाद बादाम को भी दरदरा पीसकर तैयार कर लें. दरदरे बादाम हलवे में बेहतरीन टेक्सचर और स्वाद देते हैं.
फिर एक कड़ाही में आधा घी डालकर गर्म करें. इसमें पिसी हुई मूंग दाल डालें और धीमी या मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. साथ में दो बड़े चम्मच सूजी भी डाल दें.
धीमी आंच पर दाल को अच्छे से भूनना बहुत जरूरी है. इससे दाल अंदर तक पकती है और हलवे में शानदार स्वाद आता है. करीब 10 मिनट बाद दाल से खुशबू आने लगेगी और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाएगा.
भुनी हुई दाल में दरदरे पिसे बादाम डालें और 5 मिनट तक और भूनें. इसके बाद एक कप ताजी दूध की मलाई डालकर मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं. मलाई डालने से हलवे में मावे जैसा स्वाद और रिचनेस आती है. जब मिश्रण से घी अलग होने लगे तो समझिए यह अच्छी तरह भुन चुका है.
अब इसमें 2 कप दूध डाल दें और लगातार चलाते हुए पकाएं. साथ ही केसर को थोड़े दूध में भिगोकर मिश्रण में मिला दें. दरअसल, केसर हलवे को प्राकृतिक रंग, बेहतरीन खुशबू और खास स्वाद देता है. दूध डालने के बाद मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा न हो जाए.
जब हलवा अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब उसमें चीनी डालें और दोबारा पकाएं. चीनी घुलने के बाद मिश्रण फिर से थोड़ा पतला होगा, लेकिन कुछ देर पकाने पर हलवा दोबारा गाढ़ा हो जाएगा. इसके बाद इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
कैसे पहचानें कि हलवा तैयार है?
वीडियो में बताया गया है कि जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे और किनारों से घी अलग दिखाई देने लगे, तब समझिए कि हलवा पूरी तरह तैयार है. इसका रंग सुनहरा और टेक्सचर बेहद मुलायम हो जाएगा.
स्टोर करने का तरीका
इस हलवे को एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखा जा सकता है. सही तरीके से स्टोर करने पर यह करीब 10 दिनों तक स्वादिष्ट बना रहता है.
यहां देखिए वीडियो
यह भी पढ़ें: बिहारी सरसों की चटनी कैसे बनाएं? नोट कर लें तीखी-खट्टी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं