How To Make Multigrain Atta At Home: अगर आप अपने परिवार की रोजमर्रा की रोटी को ज्यादा पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो घर पर तैयार किया गया मल्टीग्रेन आटा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. अलग-अलग अनाजों और दालों के मिश्रण से तैयार यह आटा न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करता है. विशेषज्ञों के अनुसार, केवल गेहूं पर निर्भर रहने के बजाय अन्य अनाजों को भी आहार में शामिल करना चाहिए. जौ, बाजरा, मक्का, रागी, चना और सोयाबीन जैसे अनाज फाइबर, प्रोटीन( Protein), आयरन और कैल्शियम (Calcium) के अच्छे स्रोत माने जाते हैं. जब इन्हें सही मात्रा में मिलाकर आटा तैयार किया जाता है, तो रोटियां अधिक पौष्टिक बन जाती हैं.
मल्टीग्रेन आटा बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Multigrain Atta)
- गेहूं- 5 किलो
- जौ- 500 ग्राम
- बाजरा- 500 ग्राम
- मक्का- 500 ग्राम
- रागी- 250 ग्राम
- चना (भुना या कच्चा)- 250 ग्राम
- सोयाबीन- 200 ग्राम
- ओट्स- 200 ग्राम
मल्टीग्रेन आटा बनाने का तरीका- (How To Make Multigrain Atta)
- सबसे पहले सभी अनाजों को अच्छी तरह साफ कर लें ताकि उनमें मौजूद धूल-मिट्टी या अन्य अशुद्धियां निकल जाएं. यदि जरूरत हो तो इन्हें धोकर धूप में पूरी तरह सुखा लें. ध्यान रखें कि किसी भी सामग्री में नमी न रहे, क्योंकि इससे आटा जल्दी खराब हो सकता है.
- इसके बाद जौ, बाजरा, मक्का, रागी और चने को हल्का भून सकते हैं. इससे आटे का स्वाद बेहतर हो जाता है और इसकी शेल्फ लाइफ भी बढ़ सकती है. हालांकि भूनना पूरी तरह वैकल्पिक है.
- अब सभी सामग्री को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इन्हें चक्की पर पिसवा लें या बड़े ग्राइंडर की मदद से पीस लें. तैयार आटे को ठंडा होने दें और फिर किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें.
मल्टीग्रेन आटा खाने के फायदे (Benefits Of Multigrain Atta)
इस आटे में मौजूद फाइबर (Fibre) पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी सहायक माना जाता है. रागी और सोयाबीन जैसे तत्व कैल्शियम और प्रोटीन की मात्रा बढ़ाते हैं, जबकि जौ और बाजरा शरीर को अतिरिक्त पोषण प्रदान करते हैं.
यह भी पढ़ें- Home Made Sattu: घर पर काले चने से बनाएं शुद्ध और साफ सत्तू, जाने बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं