CWG 2026, Neeraj Chopra vs Arshad Nadeem: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल से पहले नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम के बीच एकबार फिर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला. क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने 79.61 मीटर का थ्रो कर अरशद (78.63 मीटर) को पीछे छोड़ा और फाइनल में जगह बनाई. अब 1 अगस्त को होने वाले मुकाबले में दोनों स्टार एथलीट गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने होंगे.
क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने दिखाई समझदारी
पीठ की चोट से वापसी कर रहे नीरज चोपड़ा ने क्वालिफिकेशन राउंड में कोई जोखिम नहीं लिया. उनका लक्ष्य सिर्फ फाइनल में पहुंचना था और उन्होंने यही किया. 79.61 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ नीरज पांचवें स्थान पर रहे. यह प्रदर्शन भले ही उनके स्तर के मुताबिक बहुत बड़ा न हो, लेकिन इससे साफ है कि वे अपनी एनर्जी और लय फाइनल के लिए बचाकर चल रहे हैं.
क्या फाइनल में अरशद दे पाएंगे चुनौती?
पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने 78.63 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और सातवें स्थान पर रहे. हाल के महीनों में वह भी फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे हैं. ऐसे में क्वालिफिकेशन में उनका प्रदर्शन बताता है कि वह अभी अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की तलाश में हैं, लेकिन बड़े मुकाबलों में वापसी करना उन्हें अच्छी तरह आता है.
फाइनल में होगा असली मुकाबला
क्वालिफिकेशन में नीरज का अरशद से आगे रहना भारतीय स्टार के लिए मानसिक बढ़त जरूर माना जा सकता है, लेकिन असली परीक्षा फाइनल में होगी. दोनों खिलाड़ी बड़े मंचों पर कमाल कर चुके हैं और फाइनल में अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो निकालने की कोशिश करेंगे.
नजरें अब गोल्ड मेडल पर
1 अगस्त को होने वाला फाइनल सिर्फ एक पदक मुकाबला नहीं होगा. यह दुनिया के दो सबसे चर्चित जैवलिन थ्रो खिलाड़ियों, नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम, के बीच नई भिड़ंत होगी. ऐसे में फैंस को एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद रहेगी. फाइनल मुकाबला 31 की देर रात यानी 1 अगस्त को 12:45 AM पर होगा.
ये भी पढ़ें- CWG 2026: अरशद नदीम को पछाड़कर नीरज ने किया क्वालीफाई, चोपड़ा सहित भारत के तीन थ्रोअर फाइनल में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं