How To Make Sattu At Home: गर्मियों में सत्तू का नाम आते ही ठंडक और सेहत दोनों की याद आ जाती है. बाजार में मिलने वाला सत्तू अक्सर भुने चने से तैयार किया जाता है, लेकिन अगर आप शुद्ध और ताजा सत्तू चाहते हैं तो इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. काले चने से बना सत्तू प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. सत्तू को आप पराठे से लेकर समर ड्रिंक तक कई चीज़ों में इस्तेमाल कर सकते हैं.
सत्तू बनाने के लिए क्या चाहिए?
- 500 ग्राम काला चना
- साफ सूती कपड़ा
- मिक्सर ग्राइंडर
घर पर सत्तू बनाने का तरीका- (How To Make Sattu At Home)
1. चनों को साफ करें
सबसे पहले काले चनों को अच्छी तरह साफ कर लें. यदि कोई कंकड़ या खराब दाना हो तो उसे निकाल दें. इसके बाद इन्हें पानी में आधे से एक घंटे तक भिगोएं फिर इन्हें बाहर निकालने के बाद धूप में पूरी तरह सुखाएं.
2. चनों को भूनें
एक भारी तले की कड़ाही को गर्म करें. इसमें काले चने डालकर मध्यम आंच पर 20 से 25 मिनट तक भूनें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सभी चने समान रूप से भुन जाएं.
3. ठंडा होने दें
जब चने अच्छी तरह भुन जाएं और उनमें से हल्की खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. चनों को पूरी तरह ठंडा होने दें.
4. छिलका अलग करें
ठंडे हुए चनों को सूती कपड़े में रखकर हल्के हाथों से रगड़ें. इससे काफी हद तक छिलके निकल जाएंगे. चाहें तो फटककर छिलके अलग कर सकते हैं.
5. पीस लें
भुने हुए चनों को मिक्सर या आटा चक्की में बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को छान लें ताकि सत्तू एकदम स्मूद बन सके.
सत्तू को कैसे स्टोर करें?
तैयार सत्तू को एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. इसे ठंडी और सूखी जगह पर रखने से यह कई हफ्तों तक ताजा रह सकता है.
सत्तू का सेवन कैसे करें?
- ठंडे पानी में घोलकर नमकीन या मीठा शरबत बनाएं.
- पराठों की स्टफिंग में इस्तेमाल करें.
- दही के साथ मिलाकर खाएं.
- लिट्टी बनाने में उपयोग करें.
घर पर बना काले चने का सत्तू न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि इसमें किसी तरह की मिलावट का डर भी नहीं रहता.
यह भी पढ़ें- Leftover Bread Snack Recipe: बची हुई ब्रेड से बनाएं मजेदार स्नैक, मेहमान भी पूछेंगे इसकी रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं