शाम के नाश्ते में अगर गरमा-गरम पाव भाजी मिल जाए, तो दिन बन जाता है. मक्खन में सिके पाव और मसालों से भरपूर भाजी का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. खासकर मुंबई स्टाइल पाव भाजी की बात ही अलग होती है. घर पर भी लोग इसे बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार बाजार जैसा स्वाद और खुशबू नहीं आ पाती. इसकी सबसे बड़ी वजह होती है पाव भाजी में इस्तेमाल होने वाले मसाले की कमी. पाव भाजी में असली स्वाद इसके मसाले से ही आता है. अच्छी बात यह है कि आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. शेफ मसरूर वारिस खान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने घर पर पाव भाजी मसाला बनाने का बेहद आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें
घर पर पाव भाजी मसाला बनाने के लिए आपको-
- धनिया
- जीरा
- लौंग
- काली मिर्च
- चक्र फूल
- दालचीनी
- तेज पत्ता
- छोटी इलायची
- बड़ी इलायची
- सौंफ
- सूखी अदरक
- सूखी लाल मिर्च
- कसूरी मेथी
- हल्दी पाउडर
- क्रिस्टल सॉल्ट यानी सेंधा नमक
- काला नमक
- आमचूर पाउडर
- हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर की जरूरत होगी.
कैसे बनाएं पाव भाजी का मसाला?
- मसाला बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही को गैस पर रखें. इसमें धनिया, जीरा, लौंग, काली मिर्च, फूल चक्र, दालचीनी, तेज पत्ता, छोटी इलायची और बड़ी इलायची डाल दें. इसके बाद सौंफ, सूखी अदरक और सूखी लाल मिर्च भी डाल दें.
- इन सभी मसालों को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें. ध्यान रखें कि गैस की आंच तेज न हो, क्योंकि तेज आंच पर मसाले जल सकते हैं. इससे मसाले का स्वाद खराब हो सकता है.
- जब सभी साबुत मसाले अच्छी तरह गर्म हो जाएं और उनसे हल्की खुशबू आने लगे, तब इसमें कसूरी मेथी डाल दें और इसे बाकी मसालों के साथ कुछ देर और धीमी आंच पर भूनें.
- जब सभी मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें. इसके बाद मसालों को एक बड़ी प्लेट में निकाल लें और ठंडा होने के लिए रख दें. मसालों का पूरी तरह ठंडा करना जरूरी है, ताकि पीसते समय उनमें नमी न आए.
- जब भुने हुए मसाले ठंडे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर के जार में डाल दें.
- इसके बाद जार में हल्दी पाउडर, क्रिस्टल सॉल्ट, काला नमक, आमचूर पाउडर और हींग मिलाएं. मसाले को अच्छा लाल रंग देने के लिए इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर भी डाल दें.
- अब, मिक्सर को पहले थोड़ी-थोड़ी देर चलाकर मसालों को पीसें. इसके बाद अच्छी तरह बारीक पाउडर तैयार कर लें.
- इतना करते ही आपका पाव भाजी मसाला बनकर तैयार हो जाएगा.
आपको इसे किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर रखना है. ध्यान रखें कि डिब्बे में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए. इसे ठंडी और सूखी जगह पर रखें, साथ ही मसाला निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें. इससे मसाले की खुशबू और स्वाद लंबे समय तक बना रहेगा.
इन चीजों में भी कर सकते हैं इस्तेमालशेफ बताते हैं कि घर पर तैयार किए गए इस मसाले का इस्तेमाल सिर्फ पाव भाजी बनाने में ही नहीं, बल्कि कई दूसरी डिश में भी किया जा सकता है. आप इसे मसाला पुलाव, मिक्स वेज, आलू की सब्जी और दूसरी ग्रेवी वाली सब्जियों में भी डाल सकते हैं. इससे खाने में चटपटा स्वाद और अच्छी खुशबू आती है. इस तरह एक बार घर पर मसाला तैयार करके आप कई तरह की डिश का स्वाद बढ़ा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- घर पर कसूरी मेथी कैसे बनाएं? नोट कर लें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं