गद्दे भारी होते हैं, इसलिए उन्हें बार-बार धूप में ले जाना या धोना आसान नहीं होता. यही कारण है कि हम अक्सर घर के गद्दों की सफाई नहीं करते. जिससे धीरे-धीरे गद्दे गंदे होने के साथ-साथ खराब हो जाते हैं और फिर इनसे हल्की बदबू भी आने लगती है. खासकर जिन घरों में छोटे बच्चे या बुजुर्ग होते हैं, वहां गद्दों में दाग, धूल और बदबू की समस्या ज्यादा हो सकती है. कई बार बच्चे गद्दे पर खाने की चीजें बिखेर देते हैं और फिर गद्दे पर दाग पड़ जाते हैं या नमी की वजह से उसमें बदबू आने लगती है. ऐसे में कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से गद्दे साफ किए जा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं घर पर गद्दे कैसे साफ करें और गद्दे की बदबू और दाग-धब्बे हटाने का आसान तरीका.
गद्दे कैसे साफ करें?
यूट्यूब पर @Poonamkiduniya नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में पूनम ने गद्दे को साफ करने और गद्दे की बदबू दूर करने का आसान तरीका बताया है. गद्दे को लंबे समय तक सेफ रखने के लिए उस पर हमेशा अच्छा मैट्रेस कवर लगाना चाहिए. कवर लगाने से धूल, दाग और गंदगी सीधे गद्दे तक नहीं पहुंचती. इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर कवर को आसानी से धोया भी जा सकता है.
बेकिंग सोडा से दूर करें बदबू
गद्दे की सफाई के लिए सबसे पहले उस पर हल्की मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़क दें. बेकिंग सोडा को पूरे गद्दे पर समान रूप से फैलाएं और कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे तक छोड़ दें. बेकिंग सोडा नमी और दुर्गंध को सोखने में मदद कर सकता है, जिससे गद्दा ज्यादा फ्रेश लगता है.
झाड़कर धूल और बेकिंग सोडा हटाएं
इसके बाद किसी साफ झाड़ू या ब्रश की मदद से गद्दे पर जमा बेकिंग सोडा झाड़ दें. इससे गद्दे पर मौजूद धूल और अन्य कण भी निकल सकते हैं. इसके साथ ही एक बर्तन में लगभग 1 से 1.5 लीटर पानी लें और उसमें 2 चम्मच बेकिंग सोडा, 2 चम्मच नमक और 2 चम्मच एंटीसेप्टिक लिक्विड मिलाकर अच्छी तरह घोल तैयार करें. अब एक सूती कपड़े को इस घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें. ध्यान रहे कि कपड़ा केवल हल्का नम रहे, बहुत ज्यादा गीला न हो. अब इस कपड़े से पूरे गद्दे को धीरे-धीरे पोंछ लें. इससे गद्दे पर जमी गंदगी साफ करने में मदद मिल सकती है.
पंखे की हवा में सुखाएं
सफाई के बाद गद्दे को तेज धूप में रखने की जरूरत नहीं है. कमरे में पंखा चलाकर भी उसे सुखाया जा सकता है. आमतौर पर कुछ समय में गद्दा सूख जाता है.
यह भी पढ़ें:- पौधों में प्याज के छिलके कैसे डालें? प्याज के छिलकों से लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- घर पर सहजन कैसे उगाएं? गमले में मोरिंगा लगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- गुलाब के फूल का बाम कैसे बनाएं? घर पर गुलाब से लिप बाम बनाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं