विज्ञापन

Mix Achar Recipe: सीजन शुरू होते ही घर पर बना लें गाजर, मूली, हरी मिर्च का मिक्स अचार, सालभर रहेगा स्वाद बरकरार

घर पर गाजर, मूली, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन से तैयार होने वाला ये अचार स्वाद से भरपूर होने के साथ-साथ खाने की थाली में भी चार चांद लगा देता है. साथ ही इसका स्वाद सालभर तक बरकरार रहता है.

Mix Achar Recipe: सीजन शुरू होते ही घर पर बना लें गाजर, मूली, हरी मिर्च का मिक्स अचार, सालभर रहेगा स्वाद बरकरार
गाजर, मूली और मिर्च का अचार कैसे बनाएं?
Photo Credit: NDTV

Homemade Mix Achar Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी गाजर, मूली, हरी मिर्च और अदरक की भरमार हो जाती है. ऐसे में कई लोगों को इन तीनों का मिक्स आचार काफी ज्यादा पसंद होता है. कई लोग बाजार से खरीदकर लाते तो हैं, लेकिन उसका स्वाद दिल नहीं जीत पाता है. ऐसे में इस आचार को घर पर भी तैयार किया जा सकता है. आज हम आपको घर पर ही गाजर, मूली, हरी मिर्च का मिक्स आचार बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. खास बात ये है कि इस अचार को एक बार बनाकर आप पूरे साल तक स्टोर कर सकते हैं. गाजर, मूली, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन से तैयार होने वाला ये अचार स्वाद से भरपूर होने के साथ-साथ खाने की थाली में भी चार चांद लगा देता है. साथ ही इसका स्वाद सालभर तक बरकरार रहता है. आइए जानते हैं मिक्स आचार की रेसिपी. इसकी जानकारी यूट्यूब पर @Shamalscooking नाम के चैनल से शेयर की गई है.

अचार बनाने के लिए जरूरी चीजें

  • गाजर
  • मूली
  • हरी मिर्च
  • अदरक
  • लहसुन
  • हल्दी पाउडर
  • नमक
  • सरसों के दाने
  • सरसों की दाल
  • जीरा
  • सौंफ
  • मेथी दाना
  • काली मिर्च
  • हींग
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • तीखी लाल मिर्च पाउडर
  • अजवाइन
  • अमचूर पाउडर
  • सरसों का तेल
  • विनेगर

यह भी पढ़ें: पालक और बेसन का क्रिस्पी स्नैक कैसे बनाएं? जानें हेल्दी स्नैक बनाने की आसान विधि

कैसे बनाए गाजर, मूली और मिर्च का आचार

आचार के लिए सबसे पहले गाजर, मूली, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद गाजर और मूली को छीलकर लंबे टुकड़ों में काट लें. अदरक और लहसुन को भी पतले लंबे लच्छों में काटें. हरी मिर्च को अपनी पसंद के अनुसार लंबा या गोल काट सकते हैं.

अब सभी कटी हुई सब्जियों को एक बड़े बर्तन में डालें और ऊपर से हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इस स्टेज पर नमक न न डालें, क्योंकि इससे सब्जियां पानी छोड़ देंगी. इसके बाद इन्हें कपड़े पर फैलाकर 1 से 2 घंटे धूप में रखें, ताकि बची हुई नमी निकल जाए. इसके बाद मसाला तैयार करना शुरू करें.

मसाले के लिए एक पैन में सरसों के दाने, जीरा, सौंफ, मेथी दाना और काली मिर्च को हल्का गर्म कर लें. ध्यान रखें कि इन्हें भूनना नहीं है, सिर्फ गर्म करना है. ठंडा होने के बाद इनका दरदरा पाउडर तैयार कर लें. इसके बाद सरसों की दाल को भी हल्का गर्म करके दरदरा पीस लें.

मसाला तैयार करने के बाद एक बड़े स्टील या कांच के बर्तन में हींग, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, तीखी लाल मिर्च और तैयार किया हुआ मसाला डालें. अब सरसों के तेल को धुआं निकलने तक गर्म करें और थोड़ा ठंडा करके मसालों में धीरे-धीरे मिलाएं. इससे मसालों का स्वाद और रंग दोनों निखरकर आएंगे.

अब इसमें सरसों की दाल डालें और मसाला पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद धूप में सुखाई गई सब्जियां इसमें मिला दें. ऊपर से अजवाइन, अमचूर पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.

अचार को लंबे समय तक स्टोर कैसे करें?

अचार को खराब होने से बचाने के लिए ऊपर से बचा हुआ सरसों का तेल डालें, ताकि सभी चीजें तेल में अच्छी तरह ढक जाए. चाहें तो एक बड़ा चम्मच विनेगर भी मिला सकते हैं। इसके बाद अचार को पूरी रात ढककर रख दें, जिससे मसाले और सब्जियां अच्छी तरह सेट हो जाएं.

इस बात का रखें ध्यान

अचार को हमेशा साफ और सूखे कांच के जार में भरें. जार में किसी तरह की नमी नहीं होनी चाहिए. अचार भरने के बाद इसे 8 से 10 दिनों तक रख दें. इस दौरान मसाले और तेल सब्जियों में अच्छी तरह घुल-मिल जाएंगे और अचार का असली स्वाद सामने आएगा.

यह भी पढ़ें: घर पर चिकन शावरमा कैसे बनाएं? Chicken Shawarma बनाने का सही तरीका

यह भी पढ़ें: बर्गर खाने के शौकीन हैं, तो एक बार जरूर ट्राई करें सॉफ्ट और जूसी स्टीम बर्गर, नोट करें आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com