विज्ञापन

पालक और बेसन का क्रिस्पी स्नैक कैसे बनाएं? जानें हेल्दी स्नैक बनाने की आसान विधि

शाम की चाय के साथ बनाएं पालक और बेसन का कुरकुरा स्नैक, बाहर से करारा और अंदर से नरम, जानें भाप में पकाने की आसान रेसिपी.

पालक और बेसन का क्रिस्पी स्नैक कैसे बनाएं? जानें हेल्दी स्नैक बनाने की आसान विधि
पालक और बेसन से कुरकुरा नाश्ता
NDTV

शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और अलग खाने का मन हो, तो हर बार वही पुराने समोसे या ब्रेड पकोड़े क्यों? पालक और बेसन से बना यह स्नैक बाहर से जितना करारा होता है, अंदर से उतना ही नरम और मसालेदार रहता है, भाप में पकाने की वजह से यह खाने में भी हेवी नहीं लगता. घर के बच्चों को हरी सब्जी खिलाने का यह एक बेहद आसान तरीका है, क्योंकि पत्तों का तीखापन मसालों और लहसुन के साथ घुलकर एक अच्छा कॉम्बिनेशन बनता है. अगर घर में अचानक मेहमान भी आ जाएं तो भी कम सामान में आप इसे आसानी से बना लेंगे.

सामग्री:

  • पालक (200 ग्राम)
  • बेसन (150 ग्राम)
  • लहसुन का पेस्ट (1 बड़ा चम्मच)
  • धनिया पाउडर (1 छोटा चम्मच)
  • चाट मसाला (1 छोटा चम्मच)
  • नमक (1 छोटा चम्मच)
  • हल्दी पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
  • लाल मिर्च पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
  • जीरा (आधा छोटा चम्मच)
  • हींग (एक चौथाई छोटा चम्मच)
  • पानी (लगभग एक चौथाई कप)

बनाने की आसान विधि:

  1. सबसे पहले पालक के पत्तों को साफ पानी से धो लें और सारा पानी निकल जाने दें, फिर इन्हें महीन काट लें. 
  2. एक गहरे बर्तन में बेसन डालें और उसमें जीरा, हींग, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, चाट मसाला, नमक और लहसुन का पेस्ट मिलाएं.
  3. सूखे मसाले बेसन में एकसार हो जाएं, इसके बाद कटी हुई पालक डालकर हाथों या चम्मच से हल्का दबाते हुए मिलाएं। 
  4. अब थोड़ा-थोड़ा करते हुए पानी डालें और गाढ़ा घोल तैयार करें. 
  5. घोल इतना गाढ़ा होना चाहिए कि वह बहे नहीं बल्कि एक साथ सिमटा रहे.
  6. एक छोटे केक टिन या किसी गहरे बर्तन के अंदर हल्का सा तेल लगा लें ताकि मिश्रण चिपके नहीं. तैयार गाढ़ा मिश्रण इस टिन में डालें और ऊपर से चम्मच की मदद से बराबर फैला दें. 
  7. दूसरी तरफ कड़ाही में थोड़ा पानी गरम होने रखें और बीच में स्टैंड या कटोरी रख दें.
  8. पानी में उबाल आने पर मिश्रण वाला टिन सावधानी से अंदर रखें और कड़ाही को ऊपर से ढक दें. मीडियम आंच पर करीब 15 से 20 मिनट तक इसे भाप में पकने दें.
  9. आंच बंद करके टिन को बाहर निकालें और थोड़ा ठंडा होने दें ताकि काटते समय किनारे न टूटें.
  10. जब यह छूने लायक ठंडा हो जाए, तो चाकू से किनारों को अलग करें और इसे एक प्लेट में पलट लें.
  11. अब अपनी पसंद के हिसाब से चौकोर, तिकोने या छोटे टुकड़ों में काट लें, गरमागरम निकालें और चटनी के साथ परोसें.

इसे भी पढ़ें: ढाबा स्टाइल पालक पनीर कैसे बनाएं? घर पर एकदम ढाबे जैसी पालक पनीर बनाने की आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com