भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एक बार फिर कई फूड कंपनियों और फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) पर सख्ती करते हुए नोटिस भेजा है. प्राधिकरण के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रामक दावों, गलत ब्रांडिंग और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन करने को लेकर हुई है. नोटिस में एफसएसएआई ने कंपनियों से जवाब और सुधारात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है. प्राधिकरण की कार्रवाई में जूस, पनीर, टोफू, नूडल्स, हेल्थ सप्लीमेंट, कुकिंग ऑयल, ड्रिंक्स और डेयरी प्रोडक्ट शामिल हैं.
कंपनियों को क्यों मिला नोटिस?
1. प्लक्क मैंगो फ्रूट जूस- (Pluckk Mango Fruit Juice)
कंपनी ने प्रोडक्ट पर "नो एडेड शुगर " का दावा किया था. लेकिन सामग्री सूची में 51% आम का गूदा और 49% गन्ने का रस दर्ज है. FSSAI का कहना है कि इससे कंज्यूमर को प्रोडक्ट में चीनी की मात्रा को लेकर गलत संदेश मिल सकता है.
2. नेचुरल पनीर- (Natural Paneer)
प्राधिकरण के अनुसार, प्रोडक्ट का नाम "नेचुरल पनीर" रखा गया है लेकिन, इस शब्द का उपयोग निर्धारित शर्तों के तहत ही किया जा सकता है. यह प्रोडक्ट प्रोसेस्ड होने के कारण इस दावे का उल्लंघन करता है और उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है.

FSSAI का नेचुरल पनीर बताने के लिए नोटिस. (Image NDTV)
3. गौर हेल्दी फूड – सिल्कन टोफू- (Gaur Healthy Food – Silken Tofu)
इस प्रोडक्ट पर "100% वेज ", "रिच इन विटामिनस" और "एंटी-कैंसर प्रॉपर्टीज" जैसे दावे किए गए हैं लेकिन, FSSAI के अनुसार इन दावों को पर्याप्त वैज्ञानिक आधार के साथ साबित नहीं किया गया है और कुछ दावे नियमों के तहत प्रतिबंधित हैं.
4. मास्टरचाउ फूड्स- रेमन नूडल्स- (MasterChow Foods – Ramen Noodles)
पैकेजिंग पर "100% नेचुरल ", "फ्रेशली मेड " और "हाई क्वालिटी आर्गेनिक फ्लार" जैसे दावे किए गए हैं जबकि सामग्री सूची में सामान्य सफेद आटे का उल्लेख है. FSSAI ने इन दावों को भ्रामक माना है.
5. फेरेरो इंडिया – किंडर जॉय (Ferrero India- Kinder Joy)
प्रोडक्ट पर "रिच इन मिल्क सॉलिडस " का दावा किया गया है. प्राधिकरण का कहना है कि सामग्री संरचना इस दावे को पर्याप्त रूप से साबित नहीं करती, जिससे कंज्यूमर को भ्रम हो सकता है.
6. इंसिप्रो गोल्ड पाउडर वनिला- (Incipro Gold Powder Vanilla)
इस न्यूट्रास्यूटिकल प्रोडक्ट पर "100% Hydrolysed Whey Protein", पाचन में सुधार और न्यूरो न्यूट्रिएंट्स जैसे कई दावे किए गए हैं लेकिन एफएसएसएआई ने पाया कि इनमें से कई दावे नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए.
7. कोरियाई जिनसेंग- (Korean Ginseng)
प्रोडक्ट पर "सपोर्ट एनर्जी एंड परफॉरमेंस " का दावा किया गया है. एफएसएसएआई ने इसे भ्रामक बताया है और कहा है कि लेबल पर सामग्री की मात्रा भी निर्धारित सीमा से अधिक दर्शाई गई है.
8. एएस-आईटी-आईएस एटम पावर व्हे एक्सएल- (AS-IT-IS ATOM PWR Whey XL)
प्रोडक्ट पर प्योर- हेल्दी", "100% ऑथेंटिक", "इजी डाइजेस्ट", "रैपिड रिकवरी " और "लीन मसल गेंस" जैसे दावे किए गए हैं. प्राधिकरण ने कहा कि इन दावों को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करना जरूरी है.
9. सफोला टोटल हार्ट प्रो कुकिंग ऑयल- (Saffola Total Heart Pro Cooking Oil)
एफएसएसएआई ने कहा कि मारिको के इस प्रोडक्ट पर "Heart Pro", "Good Fats Balance" और "Less Oil Absorption" जैसे दावे किए गए हैं लेकिन इन दावों के समर्थन में पर्याप्त वैज्ञानिक साक्ष्य उपलब्ध नहीं है.
10. माउंटेन बावार्जी बुरांश स्क्वैश- (Mountain Bawarchi Buransh Squash)
प्रोडक्ट पर डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल और अस्थमा से जुड़े लाभों के दावे किए गए हैं. प्राधिकरण ने कहा कि ऐसे रोग-निवारण संबंधी दावों के लिए पूर्व अनुमति जरूरी होती है, इसलिए ये दावे नियमों के विपरीत हैं.
11. एल्कलाइन वॉटर- (Alkaline Nutrient Water)
प्रोडक्ट पर हड्डियों के स्वास्थ्य, वजन घटाने, डिटॉक्सिफिकेशन, ऊर्जा और त्वचा स्वास्थ्य से जुड़े दावे किए गए हैं. FSSAI ने कहा कि ऐसे दावे अनुमत नहीं हैं.
12. रॉ प्रेज़री अल्फ़ोंसो मैंगो फ्रूट ड्रिंक- (Raw Pressery Alphonso Mango Fruit Drink)
एफएसएसएआई के कहा कि प्रोडक्ट पर "Contains Naturally Occurring Sugars" लिखा गया है, जबकि इसमें फ्रुक्टोज मिलाया गया है. प्राधिकरण ने इसे भ्रामक दावा माना है और कहा कि प्रोडक्ट लिस्ट का स्पष्ट उल्लेख भी नहीं किया गया.
कंज्यूमर शिकायतों पर भी एक्शन-
प्राधिकरण ने सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के आधार पर बिकानेरवाला (Bikanervala) को नोटिस भेजा है. इसमें आरोप है कि एक कर्मचारी किचन/फूड सर्विस एरिया में भोजन करता दिखाई दिया, जिससे स्वच्छता नियमों को लेकर सवाल उठते हैं. वहीं, आईआरसीटीसी (IRCTC)कैटरिंग सेवाओं के माध्यम से सप्लाई किए गए दही और रबड़ी में फंगस मिलने की शिकायत के बाद प्राधिकरण ने Param Dairy Limited को भी नोटिस जारी किया है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: न मावा, न कोई केमिकल कलर, सिर्फ 2 आम और बेसन से बनाएं हलवाई जैसी दानेदार बर्फी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं