- गोरखपुर में 10 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या
- डायल 112 में तैनात सिपाही ने बच्ची को अगवा कर वारदात को दिया अंजाम
- पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी ने कबूल किया जुर्म
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 10 साल की मासूम से हैवानियत के बाद उसकी हत्या करने वाले सिपाही पर पुलिस एनएसए (NSA) लगाने की तैयारी कर रही है. एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी को बर्खास्त कर दिया गया है. मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट लेकर जाएंगे, जिससे आरोपी को जल्द से जल्दी और कड़ी से कड़ी सजा मिल सके. एसएसपी ने बताया कि गाजीपुर का रहने वाला सिपाही अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 में तैनात था. सिपाही ने जिला अस्पताल से ही बच्ची को अगवा किया और उसकी हत्या कर दी और शव नदी में फेंक दिया था. आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
बीमार बहन को खाना देने अस्पताल आई थी मासूम
28 जुलाई को बच्ची अपनी बीमार बहन को खाना देने अस्पताल आई थी. घर लौटते समय सिपाही ने बाइक से उसका पीछा किया. फिर उसे बाइक पर बैठाकर 15 किलोमीटर दूर श्मशान घाट ले गया. पुलिस को शक है कि उसने वहां बच्ची के साथ जबरदस्ती की, फिर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को नदी में फेंककर भाग गया. इधर, बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई.
आरोपी ने कबूल किया जुर्म, पुलिस ने बरामद किया शव
मामले की जांच के लिए पुलिस ने 10 टीमें लगाईं. 200 CCTV फुटेज खंगाले गए तो सिपाही बच्ची के साथ नजर आया. पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया. गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे आरोपी सिपाही की निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची का शव बरामद किया.
#gorakhpurpolice #PoliceAction
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) July 30, 2026
➡️दिनांक 28.07.2026 को थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत स्थित सदर अस्पताल से एक 10 वर्षीय बालिका को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल से अपने साथ ले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में थाना कोतवाली पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया… pic.twitter.com/E1QqVwFFiD
डायल 112 में तैनात था सिपाही
एसएसपी ने बताया कि जनवरी, 2025 में सिपाही ने बंगाल की एक महिला से छेड़छाड़ की थी. इस मामले में उसे निलंबित किया गया था. वर्तमान में आरोपी सिपाही अभिषेक यादव डायल 112 में तैनात था.
यह भी पढ़ें- यूपी में सिपाही ने 10 साल की बच्ची का किया मर्डर, छेड़खानी में पहले भी जा चुका था जेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं