Rice Flour Roti Recipe : अगर आप गेहूं की रोटी के रोटी के अलावा दूसरी रोटी का ऑप्शन चुनना चाहते हैं, जो बनाने में आसान भी हो और हल्का और पचने लायक भी हो, तो चावल के आटे से बनी रोटी आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है. यूट्यूब चैनल Masala Kitchen में बताई गई इस आसान रेसिपी की मदद से आप घर पर ही फूली-फूली, एकदम सफेद और मुलायम चावल की रोटी तैयार कर सकते हैं. इस रोटी की अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. सही तरीके से आटा गूंथने और पकाने पर ये रोटियां बिना टूटे अच्छी तरह फूलती हैं और खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती हैं.
वीडियो में देखें रोटी बनाने का तरीका...
चावल की मुलायम रोटी कैसे बनाएं?
सामग्री
- 1 कप चावल का आटा
- 1 कप पानी
- जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
चावल का आटा कैसे तैयार करें?
अगर घर में चावल का आटा बनाना चाहते हैं, तो चावल को अच्छी तरह धोकर 2 से 3 घंटे भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर चावलों को पूरी तरह सुखा लें और फिर पीसकर छान लें. हालांकि, बाजार में मिलने वाला चावल का आटा भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
सबसे पहले एक पैन में 1 कप पानी उबाल लें. जब पानी अच्छी तरह उबलने लगे तो गैस को धीमा कर दें और धीरे-धीरे उसमें चावल का आटा डालते जाएं. फिर गैस बंद करके चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि अंदर बनने वाली भाप आटे को अच्छी तरह पकाए और नरम बनाए.
जब आटा थोड़ा ठंडा हो जाए तो उसमें हल्का-हल्का गुनगुना पानी डालते हुए अच्छी तरह मसलें. आटा जितना अच्छी तरह गूंथा जाएगा, रोटी उतनी ही मुलायम बनेगी और बेलते समय फटेगी भी नहीं. आटे में किसी तरह की दरार नहीं दिखनी चाहिए.
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और सूखे आटे की मदद से सामान्य गेहूं की रोटी की तरह बेल लें. अब गर्म तवे पर रोटी सेंकें. कुछ देर बाद इसे पलटें और फिर सीधे आंच पर फुला लें. रोटी अच्छी तरह फूलने लगेगी और बिना घी लगाए भी बेहद सॉफ्ट बनेगी. चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी लगाकर इसका स्वाद बढ़ा सकते हैं.
ये भी पढ़ें - उबलते पानी में आटे की रोटी डाल कर देखो बचेंगे बहुत पैसे, गेहूं के आटे से बनाएं हेल्दी नाश्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं