विज्ञापन

भारत की 100 से 231 साल पुरानी मिठाई की दुकानें, लाहौर-कराची से दिल्ली-मुंबई तक पहुंची विरासत, आज तक बरकरार है स्वाद

आज देश के हर शहर में मिठाइयों की सैकड़ों दुकानें हैं, लेकिन इनके बीच कुछ दुकानें ऐसी भी हैं जिनका इतिहास 100-200 साल से भी ज्यादा पुराना है. आइए एक नजर डालते हैं इनपर-

भारत की 100 से 231 साल पुरानी मिठाई की दुकानें, लाहौर-कराची से दिल्ली-मुंबई तक पहुंची विरासत, आज तक बरकरार है स्वाद
मिठाई की 100 से 231 साल पुरानी दुकान, आज तक बरकरार है स्वाद
(Photo Credit: NDTV)

हमारे देश में हर महीने कोई न कोई त्योहार मनाया जाता है. यही वजह है कि भारत को त्योहारों का देश भी कहा जाता है. अब, कोई भी त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा सा लगता है. त्योहार हो, शादी हो या घर में कोई अच्छी खबर आए, मिठाई बांटकर खुशी मनाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. आज देश के हर शहर में मिठाइयों की सैकड़ों दुकानें हैं, लेकिन इनके बीच कुछ दुकानें ऐसी भी हैं जिनका इतिहास 100-200 साल से भी ज्यादा पुराना है. किसी ने अंग्रेजों का दौर देखा, तो किसी ने देश का बंटवारा. इनमें से कई दुकानों ने समय के साथ शहर भी बदले, लेकिन अपने स्वाद और पहचान को वैसा ही बनाए रखा. यहां हम आपको देश की कुछ ऐसी ही ऐतिहासिक मिठाई की दुकानों के बारे में बता रहे हैं. आइए एक नजर डालते हैं इनपर-

भगत हलवाई: 1795 में रखी गई थी नींव, आज भी कायम है स्वाद

आगरा का नाम सुनते ही सबसे पहले दिमाग में ताजमहल और पेठे का ख्याल आता है. लेकिन इस शहर की पहचान एक ऐसे मिठाई ब्रांड से भी है, जिसका इतिहास सवा दो सौ साल से ज्यादा पुराना है. ब्रांड का नाम है भगत हलवाई. कहा जाता है कि साल 1795 में लेख राज भगत ने भगत हलवाई की शुरुआत की थी. करीब ढाई सौ साल के इस सफर में कई पीढ़ियां निकल गईं, लेकिन मिठाई बनाने की परंपरा आगे बढ़ती रहीं. आज भगत हलवाई सिर्फ मिठाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां कई तरह के नमकीन और स्नैक्स भी मिलते हैं. इतने लंबे समय तक किसी कारोबार का अपनी पहचान बनाए रखना अपने आप में खास बात है.

कंवरजी मिठाई वाले: 1850 से चांदनी चौक की पहचान

पुरानी दिल्ली की गलियों में खानपान की अपनी अलग दुनिया बसती है. इसी दुनिया में एक खास नाम है कंवरजी मिठाई वाले. बता दें कि इस दुकान की शुरुआत साल 1850 में हुई थी. ऐसे में करीब 170 से ज्यादा साल पुरानी इस दुकान ने दिल्ली की बदलती तस्वीर को करीब से देखा है. 

केसी दास: 1866 में हुई थी शुरुआत 

बंगाल और रसगुल्ले का रिश्ता किसी पहचान का मोहताज नहीं है. वहीं, जब भी बात कोलकाता की मशहूर मिठाई की दुकानों की आती है, तो केसी दास का नाम जरूर लिया जाता है. इस ब्रांड की शुरुआत साल 1866 में हुई थी. कहा जाता है कि साल 1930 में डिब्बाबंद रसगुल्ले की शुरुआत इसी ब्रांड ने की थी. 

पंजाबी चंदू हलवाई: कराची से मुंबई पहुंची मिठास, सिंधी जलेबी बनी पहचान

मुंबई के पुराने मिठाई कारोबारों की बात हो और पंजाबी चंदू हलवाई का जिक्र न हो, ऐसा कम ही होता है. इसकी शुरुआत साल 1896 में चंदूलाल बहल ने की थी. चंदूलाल बहल ने कराची से मुंबई आकर मिठाइयों का कारोबार शुरू किया. समय के साथ ये दुकान मुंबई के पुराने और पहचाने जाने वाले मिठाई ब्रांडों में शामिल हो गई. आज इस दुकान की सिंधी जलेबी खास तौर पर पसंद की जाती है. 

घसीटाराम स्वीट्स: बंटवारे के बाद भी नहीं टूटी कारोबार की मिठास

घसीटाराम स्वीट्स की शुरुआत साल 1916 में घसीटाराम दास बजाज ने कराची में की थी. देश के बंटवारे के बाद परिवार को कराची छोड़कर मुंबई आना पड़ा. नया शहर, नया माहौल और दोबारा कारोबार खड़ा करने की चुनौती थी. लेकिन परिवार ने हार नहीं मानी. गोवर्धनदास बजाज ने मुंबई में इस कारोबार को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे इसे फिर से पहचान दिलाई. आज घसीटाराम स्वीट्स काजू कतली, बेसन के लड्डू और पेड़े जैसी मिठाइयों के लिए जाना जाता है.

चैना राम सिंधी कन्फेक्शनर्स: लाहौर से दिल्ली तक पहुंची मिठास

पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित चैना राम सिंधी कन्फेक्शनर्स की कहानी भी देश के बंटवारे से जुड़ी है. इसकी जड़ें लाहौर में हैं. साल 1947 में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के बाद इस कारोबार को दिल्ली में नई शुरुआत करनी पड़ी. अपनी पुरानी जगह छूट गई, लेकिन परिवार ने मिठाई बनाने की परंपरा नहीं छोड़ी. दिल्ली पहुंचकर इस कारोबार ने धीरे-धीरे अपनी नई पहचान बनाई. आज चैना राम का नाम पुरानी दिल्ली के पारंपरिक मिठाई कारोबारों में शामिल है.

यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें तीखी और खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com