हमारे देश का शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां रोजाना चावल न बनता हो. लेकिन जब किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी होती है, तो अक्सर उनके मन में खाने-पीने को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगते हैं. इन्हीं सवालों में से एक सवाल डॉक्टर से अक्सर पूछा जाता है कि 'डॉक्टर साहब चावल खाने से बीपी हाई होता है क्या?' दरअसल, हमारे आसपास कई लोग हैं, जो ब्लड प्रेशर बढ़ने पर ये सलाह देते हैं कि 'चावल छोड़ दो, बीपी कंट्रोल हो जाएगा.' क्या ये धारणा सही है? इसी सवाल का जवाब हम आपको यहां देने जा रहे हैं-
यशोदा हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन कमलेश ए का कहना हैं-
सिंपल राइस सीधे तौर पर हाई ब्लड प्रेशर का कारण नहीं बनता, लेकिन इसकी सही मात्रा और सही तरीके से सेवन भी जरूरी होता है.
चावल और बीपी का क्या कनेक्शन है?
डॉक्टर कहते हैं कि चावल में मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट होता है, जो हमारे शरीर को एनर्जी देता है. समस्या तब शुरू होती है, जब सफेद चावल बहुत ही ज्यादा मात्रा में और नियमित रूप से खाया जाता है.
दरअसल, सफेद चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स दूसरे चावलों की तुलना में ज्यादा होता है. मतलब अगर आप सफेद चावल खाते हैं, तो आपका ब्लड शुगर हाई हो सकता है. कुछ रिसर्च में देखा गया है कि लंबे समय तक काफी मात्रा में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट खाने से इंसुलिन रेजिस्टेंस और हाई ब्लड प्रेशर का रिस्क बढ़ सकता है. हालांकि, इसका ये मतलब बिल्कुल भी नहीं है कि हर व्यक्ति जो चावल खाता है, उसे बीपी की समस्या हो जाएगी.
क्या हाई बीपी वाले लोग चावल खा सकते हैं?
डॉक्टर इस में बताते हुए कहते हैं कि हाई बीपी के मरीज पूरी तरह चावल खाना बंद करने की बजाय सही तरह का चावल चुनें. इसके साथ ही चावल सही पोर्शन में खआएं. कोशिश करें कि ब्राउन राइस, रेड राइस और अन्य साबुत अनाज वाले चावलों को चुनें. इस तरह के चावल में फाइबर, मैग्नीशियम और पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है. ये पोषक तत्व ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में असरदार हो सकते है.
दूसरी ओर बार-बार बड़ी काफी ज्यादा में सफेद चावल खाना और साथ में फिजिकल एक्टिविटी कम होना आपके हेल्थ पर नेगेटिव असर डाल सकती है.
बीपी के मरीजों को कितना चावल खाना सही है?
डॉक्टर का कहना है अगर आपको बीपी है, तो कोशिश करें कि थाली का बड़ा हिस्सा सब्जियों और सलाद से भरें. वहीं, चावल की मात्रा सीमित रखें. चावल के साथ दाल, राजमा, छोले, हरी सब्जियां और प्रोटीन युक्त चीजों को शाली में जोड़ें. इससे आपका डाइट बैलेंस डाइट बनता है.
ये भी पढ़ें - क्या आपके पीरियड्स रहते हैं अनियमित? बढ़ सकता है डायबिटीज और हार्ट डिजीज का खतरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं