हमारे घरों के किचन में अगर घी न हो, तो किचन की अलमारी अधूरी-अधूरी सी लगती है. वहीं, घी के बिना दाल तड़का, रोटी का स्वाद नहीं लगता है. हमारे घर में अक्सर जब भी कोई पकवान बनता है, तो घी से उसका स्वाद और ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में घी का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है. बहुत से लोग एक बार में ज्यादा मात्रा में घी खरीद लेते हैं या घर पर बनाकर स्टोर कर लेते हैं. फिर इसे कई महीनों और सालों तक इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में अक्सर मन में सवाल उठता है कि क्या देसी घी खराब नहीं होता? क्या इसे सालों-साल इस्तेमाल किया जा सकता है. इस सवाल का जवाब हम आपको यहां देंगें. आइए जानते हैं देसी घी कब तक सुरक्षित रहता है और कब ये खराब हो सकता है.
घी खराब नहीं होता, लेकिन हमेशा सुरक्षित भी नहीं
आयुर्वेद एक्सपर्ट की मानें तो घी सच में जल्दी खराब नहीं होता, लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल भी नहीं है है कि ये हमेशा सुरक्षित रहे. अगर आप घी को सही और सुरक्षित तरीके से रखते हैं, तो कई महीनों तक इसे खा सकते हैं. वहीं, खराब स्टोरेज की वजह से घी की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है.
कितनी होती है घी की उम्र?
देसी घी की उम्र लंबी होती है. दरअसल, घी में नमी बहुत कम होती है, इसलिए इसमें बैक्टीरिया तेजी से नहीं पनपते. इसी वजह से घी अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स की तुलना में ज्यादा समय तक टिक जाता है. अगर घी को साफ और सूखी जगह पर रखा जाए, तो ये काफी दिनों तक इस्तेमाल करने लायक हो सकता है.
खराब घी की कैसे करें पहचान?
अगर आपके घर में रखा घी पुराना हो गया है, तो इस्तेमाल करने से पहले उस पर एक नजर जरूर डालें. कुछ बातों का ध्यान रखकर आप घी क गुणवत्ता को पहचान सकते हैं.
- घी से अजीब या बासी गंध आने लगे.
- इसका स्वाद सामान्य से अलग या कड़वा लगने लगे.
- रंग में असामान्य बदलाव दिखे.
- घी में नमी या फफूंदी जैसे लक्षण नजर आएं.
ऐसी स्थिति में घी का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
घी को लंबे समय तक कैसे स्टोर करके रखें?
अगर आप घी को लंबे समय तक स्टोर करके रखना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ बातों पर ध्यान दें, जैसे-
- घी को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें.
- घी निकालते समय सूखी और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें.
- जिस डिब्बे में घी रख रहे हैं, उसमें पानी या नमी बिल्कुल भी न हो.
- घी को ज्यादा गर्म और सीधी धूप से दूर रखें.
- लंबे समय के लिए स्टोर करना हो तो फ्रिज में रखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें - आरओ का पानी कितने दिन में खराब हो जाता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं