- यूपी में 18 जिलों में अस्थायी लेबर अड्डे स्थापित किए जाएंगे.
- सर्दी में निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को मिलेगी व्यवस्था.
- बिस्तर, गद्दा, चादर से लेकर सुरक्षित हीटिंग की सुविधा मिलेगी.
सर्दी तेजी से बढ़ रही है और कड़ाके की सर्दी में निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को खुले में रात बिताने से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश में व्यवस्था की जा रही है. इसके लिए प्रदेश के 18 जिलों में अस्थायी लेबर अड्डे स्थापित किए जाएंगे. श्रम विभाग की ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना' के तहत यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित होगी, जिसमें श्रमिकों को मुफ्त रात्रि विश्राम और प्रतिदिन एक समय का भोजन मिलेगा. अपर मुख्य सचिव (श्रम) डॉ. आशीष कुमार गोयल ने इस संबंध में जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
कहां-कहां खुलेगा श्रमिक अड्डा
श्रमिकों की संख्या और आवश्यकता के आधार पर 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र बनाए जाएंगे, और जरूरत पड़ने पर एक जिले में एक से अधिक केंद्र खोले जा सकेंगे. इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, श्रमिक मंडियों, औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण स्थलों के पास केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
यहां बिस्तर, गद्दा, चादर, तकिया और कंबल के साथ स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, रोशनी, हवा, नियमित सफाई और आवश्यकतानुसार सुरक्षित हीटिंग की सुविधा मिलेगी. महिला व पुरुष श्रमिकों के लिए अलग ठहरने की व्यवस्था होगी तथा हर केंद्र पर केयरटेकर और चौकीदार तैनात रहेंगे.
क्या होगा बजट
पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च किए जाएंगे. दो महीने के संचालन के लिए 30 बिस्तरों वाले केंद्र पर 5.92 लाख रुपये और 60 बिस्तरों वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये तक खर्च किए जा सकेंगे. भोजन वितरण व श्रमिकों की संख्या का सत्यापन दैनिक उपस्थिति पंजिका और जियो-टैग तस्वीरों से होगा.
किन लोगों को मिलेगा लाभ
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं रखा गया है. राजमिस्त्री, बेलदार, मजदूर, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, लोहार और टाइल्स लगाने सहित अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक तथा काम की तलाश में आए प्रवासी मजदूर पहचान पत्र दिखाकर लाभ ले सकेंगे. साथ ही, इन केंद्रों पर श्रमिकों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली और बिहार के बीच 18 रूटों पर नियमित बस सेवा होगी शुरू, जानें किराया, 20 लाख लोगों को मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं