तेल वाले बर्तन साफ करना कभी-कभी सच में सिरदर्द बन जाता है, खासतौर पर जब कढ़ाई या तपेली में तेल की जिद्दी परत जम जाती है, तो नॉर्मल डिशवॉश जेल या साबुन भी काम नहीं आता. कितना भी रगड़ लो, बर्तन छूने पर चिपचिपाहट रह ही जाती है. अगर आप भी इस परेशानी से रोज जूझते हैं, तो चिंता मत कीजिए, यहां कुछ बेहद आसान और घरेलू तरीके बताए गए हैं, जिनसे आपके तेल और घी वाले बर्तन बिना मेहनत के आचे से साफ कर सकते हैं.
गरम पानी वाला तरीका:
सबसे पहला और आसान तरीका है चिकनाई वाले बर्तनों पर कभी सीधा ठंडा पानी मत डालिए. एक बड़े बर्तन या सिंक में तेज गरम पानी भरें. उसमें थोड़ा सा लिक्विड सोप या डिटर्जेंट मिला लें. तेल वाले बर्तनों को इसमें 10 से 15 मिनट के लिए डुबोकर छोड़ दें. गरम पानी तेल को पिघला देता है, जिससे बाद में स्क्रबर से पोंछते ही बर्तन तुरंत साफ हो जाते हैं.
बेकिंग सोडा और सिरका:
अगर बर्तन में तेल बहुत ज्यादा जल गया है या कालापन आ गया है, तो यह तरीका सबसे बेस्ट है. बर्तन में एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा छिड़कें. ऊपर से थोड़ा सा सफेद सिरका डालें. दोनों मिलकर झाग बनाएंगे. इसे 5 मिनट ऐसे ही रहने दें, फिर हल्के स्क्रबर से रगड़कर धो लें. बर्तन की चिकनाई और बदबू दोनों एक साथ गायब हो जाएंगी.
सूखा आटा या बेसन:
क्या आप जानते हैं कि हमारी नानी-दादी तेल सोखने के लिए सूखे आटे का इस्तेमाल करती थीं? अगर कढ़ाई में बहुत ज्यादा तेल बचा रह गया है, तो उसमें थोड़ा सा सूखा गेहूं का आटा या बेसन छिड़क दें. आटे को उंगलियों से घुमाएं, वह सारा तेल अपने अंदर सोख लेगा. इसके बाद आटे की लोई बनाकर निकाल लें और बर्तन को नॉर्मल साबुन से धो लें. सिंक भी जाम नहीं होगा और बर्तन भी आराम से साफ होगा.
नींबू और नमक:
तांबे, पीतल या स्टील के बर्तनों में जमी चिकनाई हटाने के लिए नींबू बहुत काम आता है. आधा कटे नींबू पर थोड़ा सा नमक लगाएं. इसे सीधे चिकने बर्तन पर रगड़ें. नींबू में मौजूद एसिड तेल को काटता है और नमक स्क्रबर की तरह काम करता है.
इसे भी पढ़ें: लोहे के तवे पर कैसे बनाएं होटल जैसी मुलायम पतली रूमाली रोटी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं