दाल को प्रोटीन और पोषण का खजाना कहा जाता है. अगर आप वेजिटेरियन हैं, तो आपके लिए दाल का सेवन बेहद जरूरी और फायदेमंद है. अगर आप भी रोज की दाल-रोटी से अलग कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो उत्तर प्रदेश की मशहूर डिश दाल की दुल्हन आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकती है. यह एक देसी और पौष्टिक व्यंजन है, जिसे खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में बड़े चाव से बनाया जाता है. इस डिश में तुअर, मूंग और मसूर दाल के मिश्रण को स्वादिष्ट मसालों के साथ पकाया जाता है, वहीं गेहूं और रागी के आटे से तैयार की गई छोटी-छोटी फूलनुमा दुल्हनें इसमें डाली जाती हैंय पकने के बाद ये दुल्हनें दाल का स्वाद अपने भीतर समेट लेती हैं, जिससे हर निवाला बेहद लाजवाब लगता है.
ये रेसिपी हमें यू्ट्यूब चैनल शेफ रणवीर बरार पर मिली. दाल की दुल्हन न सिर्फ स्वाद में शानदार होती है, बल्कि पोषण से भी भरपूर मानी जाती है. दालों से मिलने वाला प्रोटीन और रागी व गेहूं का आटा इसे एक संतुलित भोजन बनाते हैं. ऊपर से देसी घी, हींग और कश्मीरी लाल मिर्च का तड़का इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता हैय तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
कैसे बनाएं दाल की दुल्हन-
सामग्री-
- 2 बड़े चम्मच घी
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 कप तुअर दाल
- ¼ कप मूंग दाल
- 2 बड़े चम्मच मसूर दाल
- 4-5 कप पानी
- नमक स्वादानुसार
- ¼ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- ¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
दुल्हन के आटे के लिए-
- 1 कप गेहूं का आटा
- ¼ कप रागी/नाचनी का आटा
- नमक स्वादानुसार
- पानी (आवश्यकतानुसार)
तड़के के लिए-
- 2 छोटे चम्मच घी
- 2 कश्मीरी लाल मिर्च
- एक चुटकी हींग
- ¼ छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
विधि-
- एक बर्तन में घी, जीरा, तुअर दाल, मूंग दाल और मसूर दाल डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- इसमें पानी, नमक, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें, अच्छे से मिलाएं और पकने दें.
- अब एक बर्तन में गेहूं का आटा, रागी का आटा, नमक और पानी डालकर अच्छी तरह गूंथ लें और अलग रख दें.
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें छोटी पूरियों की तरह बेल लें.
- आटे को एक बड़ी रोटी की तरह बेल लें और किसी छोटी कटोरी या गिलास की मदद से छोटे गोल टुकड़े काट लें.
- इन टुकड़ों को आकार देने के लिए, आमने-सामने के किनारों को उठाकर बीच में लाएं, फिर बाकी दो किनारों को भी उठाकर बीच में लाएं, जिससे यह एक फूल जैसा आकार ले लेगा.
- फूल के इस खोखले आकार के अंदर दाल भर जाती है, जिससे ये खाने में बहुत ही बढ़िया और चबाने में मजेदार लगते हैं.
- जब दाल पक जाए, तो इसमें धीरे-धीरे ये आटे के टुकड़े यानि दुल्हन डाल दें.
- दाल को मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक और पकाएं, जब तक कि आटे के टुकड़े अच्छी तरह पक न जाएं.
- अब एक पैन में घी, कश्मीरी लाल मिर्च, हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह भून लें. इस तड़के को दाल में डाल दें.
- दाल की दुल्हन बनकर तैयार है गरमागरम सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: व्रत में सिर्फ साबूदाना ही क्यों? सामक चावल का यह उपमा स्वाद के साथ देगा कई हेल्थ बेनिफिट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं