विज्ञापन

पशुपालकों को डेयरी खोलने पर मिलेगी करीब 14 लाख की सब्सिडी, जानें योजना के बारे में सबकुछ

डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार की एक विशेष योजना है. इसके तहत सरकार डेयरी शुरू करने के लिए करीब 33 प्रतिशत सब्सिडी देती है, जिसमें करीब 14 लाख रुपये तक सब्सिडी मिल सकती है.

पशुपालकों को डेयरी खोलने पर मिलेगी करीब 14 लाख की सब्सिडी, जानें योजना के बारे में सबकुछ
Kamadhenu Scheme
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • कामधेनु योजना के तहत पशुपालक 25 गाय या भैंस की डेयरी खोल सकते हैं.
  • डेयरी शुरू करने के लिए सरकार 33 फीसदी तक सब्सिडी दी रही है.
  • पशुपालक 200 पशुओं तक की डेयरी के लिए योजना का लाभ ले सकता है.

मध्य प्रदेश में पशुपालन और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 'डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना' (Kamadhenu Scheme) संचालित कर रही है. इस योजना के तहत पशुपालक अपनी कमाई को बढ़ा सकते हैं. योजना में 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी इकाई स्थापित कर सकते हैं, वहीं सरकार डेयरी शुरू करने के लिए करीब 33 प्रतिशत सब्सिडी देती है, जिसमें करीब 14 लाख रुपये तक सब्सिडी मिल सकती है. योजना में अलग-अलग श्रेणी के अनुसार 10.50 लाख रुपये से लेकर 13.86 लाख रुपये तक सब्सिडी मिलने का प्रावधान है.

किसे कितनी सब्सिडी?

इस योजना के तहत 25 पशुओं की डेयरी इकाई लगाने के लिए पशुओं की नस्ल और आवेदक की श्रेणी के आधार पर कुल लागत और सब्सिडी तय की गई है. अगर कोई पशुपालक 25 देशी गायों की डेयरी शुरू करता है, तो इसकी कुल लागत 36 लाख रुपये आएगी, जिस पर अनुसूचित जाति और जनजाति (एससी/एसटी) वर्ग के लाभार्थियों को 11.88 लाख रुपये तथा अन्य सभी वर्गों को 9 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी. वहीं, 25 संकर गायों या 25 भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित करने की कुल लागत 42 लाख रुपये निर्धारित की गई है. इन दोनों ही श्रेणियों में एससी/एसटी वर्ग के पशुपालकों को 13.86 लाख रुपये और अन्य वर्ग के आवेदकों को 10.50 लाख रुपये का सरकारी सब्सिडी दिया जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV

एक लाभार्थी कितने पशु रख सकता है?

एक डेयरी इकाई में 25 दुधारू पशु रखे जा सकते हैं और एक लाभार्थी अधिकतम 8 इकाइयों तक  यानी कुल 200 पशुओं तक योजना का लाभ ले सकता है. हालांकि, किसी एक इकाई में देशी गाय, संकर गाय और भैंस को मिलाकर नहीं रखा जा सकता.

पात्रता की शर्तों की बात करें तो आवेदक का मध्य प्रदेश का निवासी होना और आयु 21 वर्ष से अधिक होना अनिवार्य है. आवेदक के पास डेयरी फार्मिंग का प्रशिक्षण होना चाहिए तथा 25 पशुओं की एक इकाई के लिए कम से कम 3.50 एकड़ कृषि भूमि जरूरी है.

किन गायों की स्वीकृति

देशी गायों में गिर, साहीवाल, थारपारकर और रेड सिंधी शामिल हैं. संकर गायों में एचएफ और जर्सी नस्ल तथा भैंसों में मुर्रा, सूरती, मेहसाना, भदावरी और जाफराबादी नस्ल के पशु खरीदे जा सकते हैं. 

सब्सिडी शुरुआत में सीधे नकद के बजाय बैक-एंडेड सब्सिडी के रूप में दी जाएगी. योजना में ऋण अवधि 7 वर्ष और 6 महीने की किस्तों पर छूट का प्रावधान बताया गया है, जबकि पहली लोन राशि मिलने के बाद 3 वर्ष का लॉक-इन पीरियड लागू रहेगा.

इच्छुक पशुपालक कामधेनु योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन साइन अप और आधार के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर जरूरी विवरण और दस्तावेज अपलोड करके आवेदन कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें | राशन डिपो में सरसों का तेल मिलना शुरू, जानें किन BPL परिवारों को मिलेगा कितना ऑयल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kamdhenu Yojana, Madhya Pradesh, Dairy Subsidy, Dairy Supply Chain, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com