सर्दी हो या गर्मी, डॉक्टर लगभग हर सीजन में अंडे खाने की सलाह देते हैं. रोजाना अंडा खाना पूरे शरीर के लिए हेल्दी माना जाता है. हालांकि, जिन लोगों को हार्ट डिजीज की परेशानी होती है या जिन्हें डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी दिक्कतें हैं, उनके लिए अंडों के खाने की मात्रा तय होती है. ऐसे लोगों को डॉक्टर की सलाह पर ही अंडों का सेवन करना चाहिए. डाइट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी का कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति अगर रोजाना रोज 1 से 2 अंडे खाता है, तो इससे शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं. ये कई तरह की दिक्कतों को दूर करने में प्रभावी हो सकता है. यहां जानते हैं रोजाना 2 अंडे खाने से होने वाले फायदे क्या हैं?
अंडे में कौन-कौन से पोषक तत्व होते हैं?
डायटीशियन का कहना है कि अंडे में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा होती है, फिर भी ये हमारे पूरे शरीर के कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में प्रभावी होता है. अंडे पोषक तत्वों का खजाना होता है. इसमें कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं. इसमें मुख्य रूप से विटामिन A, B5, B12 और B2, B6, D, E और K पाए जाते हैं.
वहीं, मिनरल्स की बात करें, तो इसमें सेलेनियम, फॉस्फोरस, कैल्शियम, जिंक, फोलेट, हाई क्वालिटी के प्रोटीन और हेल्दी फैट होते हैं. अंडा प्रोटीन का एक संपूर्ण स्रोत है, क्योंकि इसमें सभी जरूरी अमीनो एसिड मौजूद होते हैं. इसके अलावा इसमें कोलाइन, आयरन, सेलेनियम और विभिन्न जरूरी विटामिन भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.
रोजाना 2 अंडे खाने से क्या होगा?
1. दिमाग को बनाता है तेज
कामिनी का कहना है कि अगर आप रोजाना 2 अंडे खाते हैं, तो इससे आपके शरीर को कोलाइन नामक पोषक तत्व प्राप्त होता है. ये ब्रेन डेवलेप के लिए अच्छा होता है. इससे याददाश्त, मूड और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. शरीर में कोलाइन की कमी से याददाश्त कमजोर हो सकती है और भूलने की समस्या बढ़ सकती है. एक बड़े उबले अंडे में लगभग 147 मिलीग्राम कोलाइन होता है. ऐसे में रोज दो अंडे खाने से शरीर की दैनिक जरूरत का बड़ा हिस्सा पूरा हो सकता है.
2. आंखों और स्किन को रखे सुरक्षित
अंडे में ल्यूटिन और जिएक्सैंथिन नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं. ये आंखों को उम्र संबंधी समस्याओं जैसे मैक्युलर डिजनरेशन और मोतियाबिंद के खतरे से बचाने में मदद करते हैं. साथ ही ल्यूटिन में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूर्य की अल्ट्रावायलेट किरणों से होने वाले नुकसान को कम करने में भी सहायक हो सकते हैं. इससे स्किन की सुरक्षा भी बेहतर होती है.
3. वजन कंट्रोल करने में है असरदार
अंडे में मौजूद प्रोटीन और हेल्दी फैट्स लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं. इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है और ओवरईटिंग से बचाव होता है.
4. ब्लड शुगर कंट्रोल करने में सहायक
डायबिटीज के मरीज भी सीमित मात्रा में अंडा खा सकते हैं, क्योंकि इसमें कार्बोहाइड्रेट और शुगर बहुत कम होती है, जबकि प्रोटीन भरपूर मात्रा में मिलता है. कुछ रिसर्च में साबित किया गया है कि ब्रेकफास्ट में अंडे खाने से एनर्जी का स्तर बेहतर रहता है, मेटाबॉलिज्म एक्टिव होता है और पाचन शक्ति मजबूत होती है.
5. हार्ट को रखे हेल्दी
अंडे में मौजूद विटामिन A, E, B2, B6 और B12 ब्लड वेसेल्स के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. ये पोषक तत्व धमनियों में प्लाक जमने और हार्ट अटैक जैसी समस्याओं के रिस्क को कम करने में मददगार हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें - मेथी प्याज का लच्छा पराठा ऐसा कि खाते रह जाओगे, हर कोई बार-बार बनाने की करेगा डिमांड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं