नवरात्रि या किसी भी व्रत के दौरान लोग कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और जल्दी तैयार भी हो जाए. अगर आप भी रोज-रोज साबूदाना खिचड़ी या वड़ा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार एक नया नाश्ता ट्राई कर सकते हैं. खास बात यह है कि यह रेसिपी सिर्फ 3 उबले आलू और साबूदाना से तैयार हो जाती है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है. यूट्यूब चैनल Shyamlis Kitchen पर शेयर की गई इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात ये है कि इसे पहले से बनाकर 2 से 3 दिन तक स्टोर भी किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
वीडियो में देखें रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- 3 मीडियम उबले आलू
- 1/3 कप साबूदाना
- 2 चम्मच बारीक कटी धनिया पत्ती
- 1 से 2 इंच कसा हुआ अदरक
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- स्वादानुसार सेंधा नमक
- 1/4 टीस्पून काली मिर्च पाउडर
- 1/4 टीस्पून भुना जीरा पाउडर
- थोड़ा सा कुट्टू, राजगीरा या सिंघाड़े का आटा
- शैलो फ्राई करने के लिए तेल
- ऐसे तैयार करें साबूदाना पाउडर
सबसे पहले साबूदाना को कुछ देर धूप में रख दें ताकि उसकी नमी निकल जाए. चाहें तो 1 मिनट हल्का रोस्ट भी कर सकते हैं. इसके बाद मिक्सर में पीसकर महीन पाउडर बना लें.
नाश्ते का डो कैसे बनाएं?
उबले हुए आलू को कद्दूकस कर लें ताकि उसमें गांठ न रहे. अब इसमें धनिया पत्ती, अदरक, हरी मिर्च, सेंधा नमक, काली मिर्च और भुना जीरा पाउडर डालकर मिला लें.
अब धीरे-धीरे साबूदाना पाउडर मिलाएं. ध्यान रखें कि पानी बिल्कुल नहीं डालना है. आलू की नमी से ही साबूदाना फूल जाएगा. जरूरत के अनुसार साबूदाना पाउडर मिलाकर सख्त डो तैयार कर लें.
ट्रायंगल्स का दें आकार
किचन बोर्ड पर थोड़ा सा कुट्टू, सिंघाड़े या राजगीरा आटा छिड़कें. अब तैयार डो को थोड़ा मोटा बेल लें. इसके बाद पहले चौकोर और फिर त्रिकोण आकार में काट लें. अगर चाहें तो इस स्टेज पर इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखकर 2 से 3 दिन तक स्टोर भी कर सकते हैं.
इस तरह करें फ्राई
पैन में 4 से 5 चम्मच तेल गर्म करें. अब ट्रायंगल्स को लो से मीडियम आंच पर शैलो फ्राई करें. एक तरफ हल्का सुनहरा होने पर पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेक लें. करीब 5 मिनट में ये सुनहरे, कुरकुरे और स्वादिष्ट बनकर तैयार हो जाएंगे.
सर्व करने का तरीका
साबूदाना-आलू ट्रायंगल्स को दही-धनिया चटनी के साथ सर्व करें. चाहें तो इसके साथ हरी मिर्च फ्राई भी परोस सकते हैं. यह नाश्ता ठंडा होने के बाद भी काफी देर तक कुरकुरा बना रहता है.
ये भी पढ़ें - नवरात्रि व्रत में खा रहे हैं फल और साबूदाना, फिर भी हो रही है कमजोरी? जानिए इसकी बड़ी वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं