व्रत में अगर हर दिन वही सादा खाना खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ चटपटा व करारा खाने की इच्छा हो रही है, तो साबूदाना वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है. व्रत के दिनों में अकसर शरीर को ऐसी चीजों की जरूरत होती है जो स्वाद देने के साथ ऊर्जा भी बनाए रखें. साबूदाना में मौजूद कार्बोहाइड्रेट और मूंगफली का प्रोटीन दिनभर की थकावट को दूर कर तुरंत स्फूर्ति भर देता है.
अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर पर वड़े बनाते समय वे या तो तेल बहुत सोख लेते हैं या फिर अंदर से कच्चे रह जाते हैं, लेकिन अगर सही तकनीक और सही नाप के साथ इन्हें बनाया जाए, तो बाहर से एकदम कुरकुरे और अंदर से रुई जैसे सॉफ्ट वड़े मिनटों में तैयार हो जाते हैं इसके साथ मिलने वाली व्रत वाली तीखी-खट्टी हरी चटनी इसके स्वाद को दोगुना कर देती है
देखें वीडियो...
सामग्री:
साबूदाना वड़ा के लिए:
- साबूदाना (1 कप)
- उबले हुए आलू (3 मैश किए हुए)
- मूंगफली (1/2 कप)
- हरी मिर्च (2 बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
- सेंधा नमक (स्वादानुसार)
- जीरा (1 छोटा चम्मच)
- तलने के लिए (घी या व्रत वाला तेल)
चटनी बनाने के लिए:
- ताजा हरा धनिया (1 कप)
- हरी मिर्च (2 से 3)
- अदरक (1 छोटा टुकड़ा)
- साबुत जीरा (1/2 छोटा चम्मच)
- सेंधा नमक (स्वादानुसार)
- ताजा दही (1 बड़ा चम्मच)
- पानी (1 से 2 चम्मच)
बनाने की विधि:
- मूंगफली के दानों को पैन में सूखा भून लें.
- ठंडा होने पर इनके छिलके साफ करें और मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें.
- एक बड़े बर्तन में उबले और मैश किए आलू लें, इसमें भिगोया हुआ फूला साबूदाना, दरदरी मूंगफली, कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और सेंधा नमक डालें.
- अब हाथों से सभी चीजों को एकसार करते हुए आटे की तरह गूंद लें.
- मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा लेकर गोल लोई बनाएं और हल्का सा दबाकर वड़े की शेप दे.
- कढ़ाही में तेल या घी को अच्छा तेज़ गरम करें.
- अब एक-एक करके वड़ों को कढ़ाही में डालें.
- जब ये एक तरफ से हल्के सुनहरे हो जाएं, तब पलटें और दोनों तरफ से एकदम क्रिस्पी और गोल्डन होने तक तल लें.
- अब एक मिक्सी के जार में हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, सेंधा नमक, दही और बहुत थोड़ा सा पानी डालकर एक स्मूथ चटनी पीस लें.
- इसे एक कटोरी में निकालकर अलग रख लें.
- तैयार गरमा-गरम साबूदाना वड़ों को प्लेट में निकालें और दही व हरी चटनी के साथ सर्व करें.
इसे भी पढ़ें: रात का बचा चावल फेंकें नहीं, सुबह बनाएं ये 5 टेस्टी नाश्ते
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं