Sahjan Ki Chutney Kaise Banen: भारतीय रसोई में चटनियों का खास महत्व होता है. खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ ये सेहत के लिए भी फायदेमंद होती हैं. अगर आप ऐसी चटनी की तलाश में हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पोषक तत्वों से भरपूर हो और लंबे समय तक खराब भी न हो, तो सहजन यानी मोरिंगा के पत्तों की चटनी एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इस चटनी को बनाना बेहद आसान है और इसे रोटी, पराठे, दाल-चावल या सफर के दौरान भी आराम से खाया जा सकता है. आइए जानते हैं सहजन की चटनी बनाने की आसान रेसिपी. इसकी जानकारी @SushmakiRasoi नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
सहजन की चटनी बनाने के लिए सामग्री
- 1 कटोरी सहजन (मोरिंगा) की पत्तियां
- 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1 बड़ा चम्मच कच्ची मूंगफली
- 6-7 लहसुन की कलियां
- 4 हरी मिर्च
- 1.5 चम्मच नारियल का बुरादा
- 1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
- स्वादानुसार नमक
यह भी पढ़ें: मूंगफली के लड्डू कैसे बनाएं? मूंगफली के लड्डू रेसिपी आसान तरीका
कैसे बनाएं मोरिंगा की चटनी?
वीडियो में बताया गया है कि सबसे पहले सहजन की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर डंठलों से अलग कर लें. अब एक कड़ाही में एक छोटा चम्मच सरसों का तेल गर्म करें और उसमें पत्तियों को 6-7 मिनट तक धीमी से मध्यम आंच पर भून लें. जब पत्तियां सिकुड़ जाएं और अच्छी तरह भुन जाएं तो इन्हें निकालकर ठंडा होने दें.
अब उसी कड़ाही में एक बड़ा चम्मच सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर जीरा डालकर तड़काएं. इसके बाद मूंगफली डालकर धीमी आंच पर भूनें. फिर लहसुन की कलियां और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट तक भून लें. अब इसमें नारियल का बुरादा डालें और हल्का सुनहरा होने तक चलाते हुए भूनें. आखिर में भुना हुआ सफेद तिल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें पहले से भुनी हुई सहजन की पत्तियां मिलाकर मिक्सर जार में डालें और बिना पानी मिलाए दरदरा पीस लें. अब स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला दें. आपकी मोरिंगा की चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
स्टोर करने का तरीका
इस चटनी की सबसे खास बात ये है कि इसमें पानी का इस्तेमाल नहीं किया जाता. यही वजह है कि इसे एक साफ कांच के जार में भरकर फ्रिज में कई दिनों तक स्टोर किया जा सकता है. पानी मिलाने से चटनी जल्दी खराब हो सकती है, इसलिए पीसते समय पानी का इस्तेमाल न करें.
यह भी पढ़ें: गोभी का अचार कैसे बनाएं? बाजार जैसा चटपटा गोभी का अचार बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें: कुकर में 2 सीटी लगाकर बन जाएंगे रसगुल्ले, पढ़ें 20 मिनट में रसगुल्ले बनाने की सबसे आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं