किचन में खाना बनाते वक्त सबसे बड़ी टेंशन तब होती है, जब अचानक प्रेशर कुकर की सीटी बजना बंद हो जाती है. कई बार दाल या चावल बनाते वक्त उसका स्टार्च या छिलका ऊपर आकर सीटी वाले हिस्से यानी वेंट ट्यूब को पूरी तरह ब्लॉक कर देता है. ऐसी स्थिति में हम डर जाते हैं कि कहीं कुकर फट न जाए. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. हाल ही में हमें यूट्यूब चैनल पर (Sunitaram ki kitchen to Home) पर एक आसान ट्रिक मिली जिससे आप आसान से कुकर की सीटी को साफ कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं उस हैक के बारे में.
मिनटों में ऐसे साफ करें कुकर की सीटी-
सबसे पहले एक कटोरी में थोड़ा सा गर्म पानी लें. अब इसमें थोड़ा सा डिटर्जेंट और एक पैकेट ईनो पाउडर मिला दें. ईनो डालते ही इसमें तेजी से झाग उठने लगेगा. अब इस पानी में अपनी कुकर की सीटी और उसके आसपास के हिस्सों को कुछ देर के लिए डुबोकर छोड़ दें. ईनो और गर्म पानी का यह घोल सीटी के अंदर जमी चिकनाई और गंदगी को अंदर से काट देता है. कुछ ही मिनटों में सारी गंदगी फूलकर बाहर आ जाती है. इसके बाद एक पतली पिन या टूथब्रश की मदद से इसे अंदर से साफ कर लें और साफ पानी से धो लें.

सुरक्षित कुकिंग के लिए इन किन बातों का रखें हमेशा ख्याल-
खाना पकाने का काम जितना आसान लगता है, उतनी ही सावधानी की भी जरूरत होती है. जब भी आप कुकर का इस्तेमाल करें, तो यह सुनिश्चित कर लें कि उसकी रबर ठीक हो और सेफ्टी वाल्व में कोई कचरा न फंसा हो. अगर सीटी बार-बार जाम हो जाती है, तो उसे नजरअंदाज बिल्कुल न करें.
कुकर की सीटी जाम होने पर क्यों बढ़ जाता है खतरा?
जब हम कुकर में दाल, छोले या राजमा जैसी चीजें उबालते हैं, तो उनका झाग और गाढ़ापन ऊपर की तरफ उठने लगता है. यह कचरा धीरे-धीरे सीटी के अंदर जम जाता है और हवा निकलने का रास्ता बंद हो जाता है. जब अंदर भाप बनती है और निकलने की जगह नहीं मिलती, तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. इसलिए जैसे ही आपको लगे कि सीटी नहीं बज रही है, तुरंत गैस बंद कर दें और कुकर को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद ही इसे साफ करने की प्रक्रिया शुरू करें.
ये भी पढ़ें- क्या रोज रागी खाना सेहत के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक? जानिए...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं