क्या आपके फ्रिज में कद्दू महीनों से पड़ा है, लेकिन बनाने का मन नहीं है क्योंकि बच्चे कद्दू का नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं? अगर हां, तो परेशान न हों. आज यहां हम आपको कद्दू से एक ऐसा स्वादिष्ट नाश्ता बनाने की रेसिपी बताएंगे, जिसे खाकर कोई भी नहीं पहचान पाएगा कि इसमें कद्दू है. अच्छी बात ये है कि ये एक हेल्दी और पौष्टिक नाश्ता भी है. इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है. बस घर में रखी चीजों से आप कद्दू से ये स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता तैयार कर सकते हैं.
यूट्यूब पर इस खास रेसिपी को @Nirrmla Nehhra चैनल पर एक फूड क्रिएटर ने शेयर की है. यहां आप वीडियो के जरिए भी इस खास रेसिपी को देख सकते हैं-
पंपकिन राइस बॉल्स बनाने के लिए मिश्रण कैसे करें तैयार?
सबसे पहले कद्दू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इसे 1 से डेढ़ कप पानी के साथ मिक्सर में डालकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, चना दाल, उड़द दाल और जीरा डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. फिर अदरक और कलौंजी डालें. जब मसालों से खुशबू आने लगे तो तैयार कद्दू का पेस्ट इसमें डाल दें.
अब इसमें नारियल का बुरादा और रेड चिली फ्लेक्स मिलाएं. मिश्रण को 2 से 3 मिनट तक पकाएं ताकि कद्दू का कच्चापन निकल जाए और अतिरिक्त पानी सूख जाए.
इसके बाद कढ़ाई में चावल का आटा और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत हो तो हल्के पानी के छींटे मार सकते हैं. मिश्रण तैयार होने के बाद गैस बंद कर दें और इसे 4 से 5 मिनट ढककर रखें, ताकि चावल का आटा अच्छी तरह फूल जाए.
अब छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर करें स्टीम
जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब उसे हाथों की मदद से आटे की तरह गूंद लें. अब इसकी छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर स्टीमर प्लेट में रख दें. इन्हें 15 से 20 मिनट तक स्टीम करें.
बॉल्स स्टीम होने के बाद एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें राई, जीरा, सफेद तिल और करी पत्ते डालकर तड़का तैयार करें. अब स्टीम की हुई बॉल्स डालकर हल्के हाथ से टॉस करें. आखिर में नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डाल दें.
धनिया-नारियल चटनी के साथ करें सर्व
आपका स्वादिष्ट, हेल्दी और सॉफ्ट कद्दू नाश्ता तैयार है. इसे धनिया-नारियल की चटनी या टमाटर केचप के साथ सर्व करें. यह नाश्ता इतना सॉफ्ट बनता है कि बच्चों से लेकर बड़े तक सभी इसे पसंद करेंगे.
ये भी पढ़ें - लौकी ना खाने वाले भी रोज किलो-किलो खरीदेंगे, बस एक बार बनाएं लौकी का हेल्दी नाश्ता- लच्छा पराठा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं