अगर आपने कभी पुरानी दिल्ली के छोले-भटूरे खाए हैं, तो आपने जरूर नोटिस किया होगा कि वहां के छोले न सिर्फ गहरे काले रंग के होते हैं, बल्कि उनका स्वाद भी बिल्कुल अलग होता है. कई बार आपने घर पर भी ऐसे ही छोटे बनाने का ट्राई किया होगा, लेकिन बना नहीं पाते होंगे. ऐसे में लोग सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर ऐसा क्या मिलाया जाता है कि छोले इतने स्वादिष्ट बन जाते हैं? एक वायरल रेसिपी वीडियो में इसी सीक्रेट का खुलासा किया गया है. rajasthani zayka नाम के एक यूट्यूब चैनल पर चांदनी चौक के काले छोटे का राज खोला गया है. यहां देखते हैं कैसे बना सकते हैं चांदनी चौक जैसे काले छोटे?
काले रंग के पीछे छिपा है ये देसी सीक्रेट
वीडियो में बताया गया है कि छोले उबालते समय चायपत्ती, आंवला, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, लौंग और तेजपत्ता की पोटली बनाई जाती है. इसी पोटली को छोलों के साथ उबाला जाता है. चायपत्ती छोले को गहरा रंग देती है, जबकि आंवला हल्का खट्टापन और अलग फ्लेवर जोड़ता है. छोलों को पूरी रात भिगोकर रखा जाता है और फिर 6-7 सीटी तक पकाया जाता है. उबलने के बाद कुछ छोले मैश कर दिए जाते हैं ताकि ग्रेवी गाढ़ी और रिच बन सके.
मसाला ही बनाता है स्वाद को खास
दिल्ली स्टाइल छोले में सिर्फ लाल मिर्च और धनिया नहीं डाला जाता. इसके लिए एक स्पेशल मसाला तैयार किया जाता है, जिसमें जीरा, धनिया, काली मिर्च, सोंठ, मेथी दाना, अनारदाना, लौंग, इलायची, काला नमक, कसूरी मेथी और अन्य मसाले मिलाए जाते हैं. इन मसालों को पीसकर उबले हुए छोलों में मिलाया जाता है, जिससे मसालों का स्वाद छोले के अंदर तक पहुंच जाता है.
ग्रेवी बनाने का ये है असली तरीका
एक कढ़ाई में तेल गर्म करके प्याज को हल्का ब्राउन किया जाता है. इसके बाद टमाटर की प्यूरी डाली जाती है. फिर चायपत्ती और आंवला वाले उबले पानी के साथ तैयार मसाला मिलाया जाता है. जब मसाला अच्छी तरह भुन जाता है, तब इसमें उबले हुए छोले डाले जाते हैं. ऊपर से हरी मिर्च और अदरक डालकर 10-15 मिनट तक पकाया जाता है ताकि सभी फ्लेवर अच्छी तरह मिल जाएं.
आखिर में लगता है घी का तड़का
इस रेसिपी को सबसे अलग इसका फाइनल तड़का बनाता है. घी में अजवाइन डालकर छोलों पर डाला जाता है. यही तड़का छोले की खुशबू और स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
परफेक्ट दिल्ली स्टाइल काले छोले के लिए याद रखें ये ट्रिक्स
- छोले रातभर भिगोकर रखें.
- चायपत्ती और आंवला की पोटली जरूर बनाएं.
- कुछ छोले मैश करें ताकि ग्रेवी गाढ़ी बने.
- अनारदाना और सोंठ वाला मसाला स्वाद बढ़ाता है.
- आखिर में अजवाइन वाला घी का तड़का लगाना न भूलें.
इन आसान टिप्स की मदद से आप घर पर भी बिल्कुल ढाबा और पुरानी दिल्ली स्टाइल काले छोले तैयार कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - घर पर बनाएं ढाबा स्टाइल काले पंजाबी छोले, बस अपनाएं शेफ की ये सीक्रेट ट्रिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं