छोले-भटूरे या छोले-चावल का नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है, लेकिन क्या हो अगर आप रात में छोले भिगोना ही भूल जाएं. मन में यही आता है कि अब छोले बनाने का प्लान कैंसल करना पड़ेगा क्योंकि बिना भीगे छोले उबलेंगे कैसे और उनमें वो स्वाद कहां से आएगा?
लेकिन आपको अपना प्लान कैंसल करने की कोई जरूरत नहीं है. आज हम आपके लिए एक आसान किचन हैक लेकर आए हैं, जिसकी मदद से आप बिना रातभर भिगोए भी बिल्कुल सॉफ्ट और स्वादिष्ट छोले झटपट तैयार कर सकते हैं.
क्यों पड़ती है छोले को भिगोने की जरूरत?
आमतौर पर हम सब यही जानते हैं कि छोले या राजमा जैसे अनाजों को पकाने से पहले 7 से 8 घंटे या पूरी रात भिगोना बहुत जरूरी होता है. इसके पीछे दो मुख्य कारण होते हैं पहला यह कि ये अनाज सख्त होते हैं और इन्हें गलने में समय लगता है, और दूसरा यह कि भिगोने से इनमें मौजूद गैस बनाने वाले तत्व कम हो जाते हैं और इन्हें पचाना आसान हो जाता है.

बिना भिगोए छोले बनाने की ट्रिक- (Instant Chole Boiling Hack)
- अगर आपके पास बिल्कुल भी समय नहीं है और आपको तुरंत छोले बनाने हैं, तो आपको बस यह आसान तरीका अपनाना है-
- सबसे पहले कच्चे छोलों को दो-तीन बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उनकी सारी धूल-मिट्टी निकल जाए.
- अब छोलों को कुकर में डालें और उसमें सामान्य पानी की जगह खोलता हुआ गरम पानी डालें. पानी इतना होना चाहिए कि छोले उससे अच्छे से डूब जाएं और ऊपर करीब दो इंच पानी और रहे.
- अब इसमें एक छोटा चम्मच नमक और एक चुटकी खाने वाला सोडा मिला दें.
- बेकिंग सोडा छोलों के सख्त छिलकों को जल्दी गलाने में मदद करता है.
- कुकर का ढक्कन बंद करें और इसे गैस पर चढ़ाने से पहले लगभग 1 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें.
- इस एक घंटे में गरम पानी और सोडे की वजह से छोले अंदर से फूल जाएंगे.
- एक घंटे बाद कुकर को गैस पर रखें और मीडियम आंच पर 5 से 6 सीटियां आने तक पकाएं.
- इसके बाद गैस बंद कर दें और प्रेशर अपने आप निकलने दें. आपके छोले बिल्कुल अच्छी तरह गल चुके होंगे.
- अब आप अपनी मनपसंद प्याज-टमाटर की ग्रेवी तैयार करें, उसमें ये उबले हुए छोले मिलाएं और मसाले डालकर अच्छे से भून लें.
- यकीन मानिए, कोई पहचान भी नहीं पाएगा कि इन्हें रातभर भिगोया नहीं गया था.
कुकिंग टिप्स-
अगर आप छोलों में बिल्कुल ढाबे जैसा कलर चाहते हैं, तो उबलते समय कुकर में टी-बैग या सूखा आंवला जरूर डालें. इससे छोलों का रंग बहुत ही प्यारा और रिच आता है.
छोले उबालते समय एक तेज पत्ता और एक बड़ी इलायची डाल दें, जिससे बहुत ही अच्छी खुशबू आएगी.
ये भी पढ़ें- सुबह पेट नहीं होता साफ़? गेहूं की रोटी छोड़िए, इन 4 आटों से करें दिन की शुरुआत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं