तुरई का नाम सुनते ही कई लोग मुंह बनाने लगते हैं, खासकर बच्चे तुरई का नाम सुनते ही खाने से मना कर देते हैं. लेकिन अगर आप तुरई को मसालेदार भरवां अंदाज में बनाकर परोसें, तो यकीन मानिए जो लोग इसे पसंद नहीं करते, वे भी बार-बार मांगकर खाएंगे. घर में मौजूद साधारण मसालों से तैयार होने वाली ये भरवां तुरई स्वाद और सेहत दोनों से भरपूर है. इस स्वादिष्ट रेसिपी को यूट्यूब पर एक फूड क्रिएटर Suvidha Net Rasoi ने शेयर की है. यहां जानते हैं कैसे तैयार करें भरवां तुरई-
भरवां तुरई बनाने के लिए सामग्री
मध्यम आकार की तुरई - 5-6
साबुत धनिया - 2 चम्मच
सौंफ - 2 चम्मच
जीरा - 1 चम्मच
सूखी लाल मिर्च - 2 से 3
मूंगफली - 2 चम्मच
लहसुन की कलियां - 4-5
अदरक का टुकड़ा - 1 इंच
कुछ करी पत्ते
लाल मिर्च पाउडर - आधा चम्मच
हल्दी पाउडर - आधा चम्मच
धनिया पाउडर- 1 चम्मच
गरम मसाला - आधा चम्मच
अमचूर पाउडर - आधा चम्मच
स्वादानुसार नमक
तेल, जीरा, राई और चुटकीभर हींग
भरवां तुरई बनाने की विधि
सबसे पहले तुरई को धोकर छील लें और बीच में लंबाई की तरफ हल्का चीरा लगा दें. ध्यान रखें कि तुरई पूरी तरह से कटे नहीं. अब एक पैन में साबुत धनिया, सौंफ, जीरा, सूखी लाल मिर्च और मूंगफली को हल्का भून लें. ठंडा होने पर इन्हें मिक्सर जार में डालें. इसके साथ लहसुन, अदरक, करी पत्ता, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर और नमक डालकर दरदरा पीस लें. तैयार मसाले को तुरई के चीरे में अच्छी तरह भर दें और हल्के हाथ से दबा दें ताकि मसाला बाहर न निकले.
अब एक टमाटर को बारीक काट लें. कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें जीरा, राई तथा हींग का तड़का लगाएं. इसके बाद भरी हुई तुरई और कटे हुए टमाटर डाल दें. कड़ाही को ढककर 2-3 मिनट पकाएं. फिर तुरई को पलट दें और दोबारा ढककर नरम होने तक पकाएं. जब मसाला अच्छी तरह से तुरई में समा जाए और सब्जी पक जाए, तो गैस बंद कर दें.
ये भी पढ़ें - तुरई न खाने वाले भी किलो के हिसाब से खरीद लाएंगे, देखें रेसिपी वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं