केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि प्रोसेस्ड फूड को केवल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानना सही नहीं है. प्रोसेसिंग का मतलब सिर्फ खाद्य पदार्थों को तैयार करना नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता बढ़ाना और उनमें अतिरिक्त मूल्य जोड़ना भी है. उन्होंने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली में रेडी टू ईट, रेडी टू कुक और चलते-फिरते खाए जा सकने वाले खाद्य उत्पादों की जरूरत बढ़ रही है. खासकर कामकाजी दंपतियों के लिए ऐसे उत्पाद काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं.
नेशनल बेवरेज कॉन्क्लेव 2026 के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 2024 में मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी, तब खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की सबसे बड़ी चिंता टैक्स व्यवस्था को लेकर थी. कई उत्पाद 12 और 18 प्रतिशत के जीएसटी स्लैब में थे जबकि कुछ सबसे ऊंची टैक्स श्रेणी में शामिल थे.
फलों से बने पेय पदार्थों के लिए अलग टैक्स श्रेणी की मांग
चिराग पासवान ने बताया कि पेय उद्योग की ओर से फलों की अधिक मात्रा वाले ड्रिंक्स को 40 प्रतिशत टैक्स श्रेणी से अलग रखने की मांग की गई है. उद्योग चाहता है कि ऐसे पेय पदार्थों के लिए अलग सब-कैटेगरी बनाई जाए. इस संबंध में मंत्रालय ने उद्योग के सुझावों के आधार पर अपना पक्ष तैयार किया है और जीएसटी काउंसिल के साथ बातचीत जारी है.
उन्होंने इंडियन बेवरेज एसोसिएशन से उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विस्तृत प्रस्ताव दोबारा सौंपने को कहा. मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह उद्योग और संबंधित सरकारी प्राधिकरणों के बीच बातचीत का माध्यम बनेंगे, ताकि इस मुद्दे पर उचित फैसला लिया जा सके.
सत्तू और मखाना जैसे उत्पादों में वैश्विक बाजार की संभावना
भारतीय पेय उद्योग की संभावनाओं पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत में स्थानीय उत्पादों की बड़ी विविधता है, जिनका सही इस्तेमाल करके नए बाजार तैयार किए जा सकते हैं. उन्होंने बिहार के सत्तू का उदाहरण दिया और कहा कि इसमें कई स्वास्थ्य लाभ हैं, लेकिन अभी तक इसे उतनी व्यापक पहचान नहीं मिली है जितनी मिलनी चाहिए.
उन्होंने मखाना, मिलेट और सी-बकथॉर्न का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से कई स्थानीय उत्पादों को मुख्यधारा में पहचान मिली है. मखाना आज सुपरफूड के तौर पर पहचाना जा रहा है. उन्होंने कंपनियों से फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए हेल्दी पेय पदार्थों के नए विकल्प तैयार करने की अपील की.
राहुल गांधी के बयान पर भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि दुनिया में कई चुनौतियां होने के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था सात प्रतिशत से अधिक की विकास दर बनाए रखने में सफल रही है.
उन्होंने विपक्ष पर विदेशी मंचों का इस्तेमाल करके भारत की अर्थव्यवस्था और व्यवस्था को कमजोर दिखाने का आरोप लगाया. पासवान ने सवाल उठाया कि भारतीय राजनीतिक मामलों पर विदेशी लोगों को टिप्पणी करने का मौका क्यों दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच मतभेद और बहस होना स्वाभाविक है, लेकिन देश के आंतरिक मामलों में किसी तीसरे देश या विदेशी व्यक्ति का हस्तक्षेप उचित नहीं है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें भारत में अराजकता फैलाने की कोशिश कर सकती हैं.
यह भी पढ़ें | 'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का PM भी इस टेबल पर होता'; ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर राहुल गांधी का अटैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं