विज्ञापन

आंवला पापड़ कैसे बनाएं? खट्टा-मीठा आंवला पापड़ बनाने का आसान तरीका

बाजार वाला आंवला पापड़ छोड़िए, घर पर बनाइए बिना चीनी वाला ट्रांसपेरेंट आंवला पापड़ और महीनों तक खाइए.

आंवला पापड़ कैसे बनाएं? खट्टा-मीठा आंवला पापड़ बनाने का आसान तरीका
आंवला पापड़ बनाने का तरीका.
NDTV

क्या आपको याद है बचपन में स्कूल के बाहर आंवला पापड़ मिलता था. खट्टा-मीठा, चटपटा, ऊपर से लाल मिर्च का तड़का. नाम लेते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन बाजार वाला आंवला पापड़ कैसा होता है, पता ही नहीं. रंग के लिए क्या डाला है, चीनी कितनी डाली है, सफाई कैसी है. अगर आप भी घर पर इसे बनाना चाहते हैं, तो हाल ही में इंस्टाग्राम पर (quick_bites_recipes) शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. इसमें एकदम ट्रांसपेरेंट, बिना चीनी वाला, खट्टा-मीठा-तीखा आंवला पापड़ बनाने का आसान तरीका बताया गया है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

कैसे बनाएं आंवला पापड़- (How To Make Amla Papad Recipe)

सामग्री- 

  • आंवला 
  • मिश्री 
  • नमक
  • काला नमक
  • लाल मिर्च पाउडर
  • चिल्ली फ्लेक्स 
  • तेल

विधि-

  1. सबसे पहले आंवले को अच्छे से धो लीजिए. अब एक स्टीमर में पानी रखिए, ऊपर जाली वाली छलनी रखिए. 
  2. उस पर आंवले रख दीजिए, ढक्कन लगाकर स्टीम कीजिए. 10-12 मिनट में आंवले नरम हो जाएंगे. उनका रंग हरे से पीला हो जाएगा. 
  3. अब आंवलों को बाहर निकालकर ठंडा होने दीजिए. ठंडा होने पर हाथ से ही आंवले फट जाएंगे. 
  4. इनकी गुठली निकाल दीजिए, और गूदा अलग कर लीजिए. अब इस गूदे को मिक्सी में डालकर पीस लीजिए पानी बिल्कुल मत डालिए. 
  5. आंवला अपने ही पानी में पिस जाएगा. पीसने के बाद इस पल्प को छलनी से छान लीजिए. 
  6. छलनी से छानने से पल्प एकदम चिकना हो जाएगा, कोई रेशा नहीं रहेगा और पापड़ एकदम ट्रांसपेरेंट बनेगा.
  7. अब एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन लीजिए. उसमें छना हुआ आंवले का पल्प डाल दीजिए. 
  8. गैस ऑन कीजिए, मीडियम आंच पर चलाते रहिए. अब इसमें पिसी हुई मिश्री डाल दीजिए चलाते रहिए. 
  9. मिश्री पिघल जाएगी, और पल्प थोड़ा पतला हो जाएगा. अब इसमें नमक डालिए, काला नमक डालिए, लाल मिर्च पाउडर डालिए, चिल्ली फ्लेक्स डालिए.
  10. अब सबको अच्छी तरह मिला लीजिए. धीरे-धीरे पल्प का रंग बदलने लगेगा. हल्के पीले से हरा हो जाएगा, और गाढ़ा होने लगेगा. 
  11. इसको लगातार चलाते रहिए. नीचे से लगे नहीं, इसलिए चम्मच चलाते रहना जरूरी है.
  12. जब पल्प इतना गाढ़ा हो जाए कि चम्मच से गिराने पर धार बनकर गिरे, और कड़ाही छोड़ने लगे, तो समझिए पल्प तैयार है. 
  13. अब एक बड़ी स्टील की थाली लीजिए. उस पर थोड़ा सा तेल लगाकर ग्रीस कर लीजिए. 
  14. तेल ज्यादा मत लगाइए, बस हल्का सा. अब गरम-गरम पल्प को थाली में डालिए.
  15. चम्मच से चारों तरफ पतला-पतला फैला दीजिए. पापड़ जितना पतला होगा, उतना ही अच्छा लगेगा. 
  16. मोटा फैलाएंगे, तो सूखने में टाइम लगेगा, और पापड़ भी मोटा हो जाएगा.
  17. अब इस थाली को धूप में रख दीजिए. 1 दिन की धूप में ही ये सूख जाएगा. अगर धूप नहीं है, तो कमरे में पंखे के नीचे भी रख सकते हैं, लेकिन उसमें 2 दिन लग जाएंगे.
  18. सूखने के बाद पापड़ थाली से अपने आप अलग होने लगेगा. ये एकदम ट्रांसपेरेंट शीट जैसा दिखेगा, ऊपर से लाल चिल्ली फ्लेक्स दिखेंगे.
  19. अब एक-एक पट्टी को हाथ से टाइट रोल कर लीजिए. रोल करते समय हल्के हाथ से दबाइए, ताकि रोल खुले नहीं. बस, आपका आंवला पापड़ तैयार है. 
  20. एकदम बाजार जैसा, हरे रंग के चमकदार रोल. प्लेट में रखिए, देखकर ही मुंह में पानी आ जाएगा.

यहां देखें वीडियो-

आंवला पापड़ को स्टोर कैसे करें? 

आंवला पापड़ को एक एयर टाइट डिब्बे में रखिए. फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं है. कमरे के टेम्परेचर पर ही 2-3 महीने तक आराम से चल जाएगा. लेकिन डिब्बा एयर टाइट होना चाहिए, नहीं तो पापड़ नमी पकड़ लेगा, और चिपचिपा हो जाएगा.

ये भी पढ़ें- सर्दियों में आटे का लड्डू कैसे बनाएं? जानें ड्राई फ्रूट्स गोंद आटा लड्डू बनाने का देसी तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amla Papad Recipe, Amla Papad, Amla Ke Fayde, Amla
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com