सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजे आंवले की भरमार दिखाई देने लगती है. विटामिन C से भरपूर आंवला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. अगर आप आंवले को सिर्फ मुरब्बे या जूस तक सीमित रखते हैं, तो इस बार इसका स्वादिष्ट ठेचा अचार जरूर बनाकर देखें. ये अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि लंबे समय तक सुरक्षित भी रहता है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए आपको धूप की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. इस रेसिपी को यूट्यूब चैनल NishaMadhulika से ली गई है. आंवला, हरी मिर्च और अदरक के साथ तैयार होने वाला ये ठेचा अचार हल्का तीखा, खट्टा और बहुत ही चटपचा होता है. यहां देखे पूरी रेसिपी...
वीडियो में देखें पूरी रेसिपी-
आंवला ठेचा अचार कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
आंवला - 200 ग्राम
हरी मिर्च - 50 ग्राम
अदरक - 50 ग्राम
सौंफ - 1 बड़ा चम्मच
पीली सरसों - 1 बड़ा चम्मच
मेथी दाना - 1 छोटा चम्मच
जीरा - 1 छोटा चम्मच
अजवाइन - 1 छोटा चम्मच
काली मिर्च - 1 छोटा चम्मच
नमक - 2 छोटे चम्मच
काला नमक - ½ छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 2 छोटे चम्मच
सरसों का तेल - आधा कप
हींग - 1 चौथाई चम्मच
कलौंजी - 1/4 टीस्पून
सिरका - 2 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले आंवले, हरी मिर्च और अदरक को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. आंवलों के बीज निकालकर छोटे टुकड़ों में काट लें. हरी मिर्च और अदरक को भी काट लें. अब इन तीनों चीजों को मिक्सर जार में डालकर पल्स मोड पर चलाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण बिल्कुल बारीक पेस्ट न बने, बल्कि हल्का दरदरा रहे. अब एक पैन में सौंफ, सरसों, मेथी दाना, जीरा, अजवाइन और काली मिर्च को धीमी आंच पर डेढ़ मिनट तक हल्का भून लें. मसाले ठंडे होने पर इनमें थोड़ा नमक मिलाकर दरदरा पीस लें.
कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल ज्यादा धुआं छोड़ने वाला गर्म न हो. अब इसमें हींग और कलौंजी डालें. इसके बाद तैयार किया हुआ आंवला-मिर्च मिश्रण डालकर धीमी-मध्यम आंच पर लगभग 5 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि अतिरिक्त नमी खत्म हो जाए और अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहे. गैस बंद कर दें. अब इसमें काला नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और तैयार मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें. अचार को ढककर ठंडा होने दें, लेकिन ढक्कन थोड़ा खुला रखें ताकि भाप निकलती रहे.
पूरी तरह ठंडा होने के बाद यदि इसे सालभर तक सुरक्षित रखना चाहते हैं तो 2 बड़े चम्मच सिरका मिला दें. अब अचार को साफ और सूखे कांच या चीनी मिट्टी के जार में भरकर स्टोर करें. ये स्वादिष्ट आंवला ठेचा अचार रोटी, पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ बेहतरीन लगता है. हर खाने के साथ इसकी एक छोटी चम्मच स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखती है.
ये भी पढ़ें - बाजार वाली कैंडी भूल जाएंगे, आंवला और गुड़ से घर पर बनाएं खट्टी-मीठी चटपटी कैंडी, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं