अचार के बिना भारतीय मील अधूरा सा लगता है. अगर आप भी अचार खाने के शौकीन हैं, तो सर्दियों के मौसम में आंवले के अचार को जरूर करें ट्राई. ठंड के मौसम में आंवला सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, लेकिन बहुत से लोगों की शिकायत रहती है कि उनके घर में बना आंवले का अचार कुछ ही दिनों में खराब हो जाता है या फफूंद लग जाती है. अक्सर हम आंवले को पानी में उबालकर या स्टीम देकर पकाते हैं. इससे आंवला पानी सोख लेता है और यही नमी अचार को जल्दी खराब कर देती है. इसके अलावा उबालने से इसके पोषक तत्व भी कम हो जाते हैं.
अगर आप भी स्वाद और सेहत से भरपूर आंवले का अचार बनाना चाहते हैं, तो हाल ही में यूट्यूब चैनल (Masala Kitchen) पर शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं.
कैसे बनाएं आंवले का अचार-
सामग्री-
अचार के लिए-
- नमक- आवश्यकता अनुसार
- आंवला- 500 ग्राम
- हरी मिर्च- 10-12
मसाला बनाने के लिए-
- सौंफ- 1½ बड़ा चम्मच
- सूखा साबुत धनिया- 1½ बड़ा चम्मच
- जीरा- 1 बड़ा चम्मच
- मेथी दाना- ½ छोटा चम्मच
- अजवाइन- ½ छोटा चम्मच
- काली मिर्च- 1 बड़ा चम्मच
- पीली राई (राई दाल)- 1 बड़ा चम्मच
अचार के लिए-
- सरसों का तेल- ½ कप
- तैयार मसाला- 3-4 बड़े चम्मच
- काला नमक- 1 छोटा चम्मच
- हींग- 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- नमक- 1 छोटा चम्मच (या स्वादानुसार)
विधि-
- सबसे पहले एक मोटी तली की कड़ाही गर्म करें और उसमें करीब आधी कटोरी नमक फैला दें. अब धुले हुए आंवले नमक के ऊपर डाल दें. गैस को लो से मीडियम आंच पर रखें और आंवलों को धीरे-धीरे पकने दें.
- करीब 7-8 मिनट बाद इसमें हरी मिर्च डाल दें और 6-7 मिनट तक और पकाएं. कुल 15 मिनट में आंवले नरम हो जाएंगे. इसके बाद गैस बंद कर दें और आंवलों को 2-3 मिनट नमक में ही रहने दें.
- अब आंवलों को जाली पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त नमक अलग हो जाए. ठंडा होने पर आंवलों को हाथ से तोड़ लें और उनके बीज निकाल दें.
- अब सौंफ, साबुत धनिया, जीरा, मेथी दाना, अजवाइन, काली मिर्च और पीली राई को धीमी आंच पर अलग-अलग हल्का भून लें. मसाले ठंडे होने पर इन्हें दरदरा पीस लें.
- यह मसाला अचार को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ आंवले के हल्के कसैले स्वाद को भी संतुलित करने में मदद कर सकता है.
- एक बड़े बाउल या जार में तैयार आंवला और हरी मिर्च डालें. चाहें तो इन्हें हल्का दरदरा भी कर सकते हैं ताकि मसाला अच्छी तरह मिल जाए.
- अब इसमें 3-4 बड़े चम्मच तैयार मसाला, काला नमक और स्वादानुसार नमक डालकर मिलाएं.
- दूसरी तरफ सरसों का तेल हल्का गर्म करें. तेल में हींग, हल्दी पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं. तैयार तेल को आंवले के मिश्रण में डाल दें और अच्छी तरह मिला लें.
- अगर चाहें तो थोड़ा सा कलौंजी भी मिला सकते हैं.
- तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भर लें. इसे 1-2 दिन धूप में रखने से स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. हालांकि बिना धूप दिखाए भी इसे तुरंत खाया जा सकता है.
क्यों खास है यह तरीका?
- आंवले को उबालना नहीं पड़ता.
- पानी की एक बूंद भी उपयोग नहीं होती.
- कम तेल में अचार तैयार हो जाता है.
- अचार जल्दी खराब नहीं होता.
- आंवले का स्वाद और टेक्सचर बेहतर बना रहता है.
ये भी पढ़ें- आटा गूंथते समय गेहूं के Atte में मिलाएं ये 2 चीजें, रोटियां बनेंगी सुपर हेल्दी टेस्टी और सॉफ्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं