भारतीय घरों में लंच से लेकर डिनर तक में रोटियां बनाई और खाई जाती हैं. क्योंकि रोटियों के बिना तो मानों हमारा मील ही अधूरा है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो गेहूं की रोटी हम रोज खाते हैं, क्या वह हमें पूरा पोषण दे पाती है?
अक्सर गेहूं के आटे की रोटियां कुछ देर बाद कड़ी या सूखी होने लगती हैं. कई बार बच्चे और बड़े एक ही तरह की रोटी खाकर ऊब भी जाते हैं. अगर आपके साथ भी यही दिक्कत है, तो आज हम आपको एक बहुत ही आसान घरेलू नुस्खा बता रहे हैं जिसे आप ट्राई कर सकते हैं.
आपने अगर गौर किया हो तो हमारी दादी और नानी भी इसी तरह का नुस्खा आजमाती थी. आपने उनकों गेहूं के आटे में बेसन या चने का आटा मिक्स करते रोटियां बनाते हुए देखा होगा. ये सिर्फ रोटियों को सॉफ्ट बनाने के लिए नहीं पोषण बढ़ाने के लिए भी क्या जाता था. आज हम आपको एक ऐसा ही तरीका बता रहे हैं जिसमें गेहूं के आटे में बेसन और सोयाबीन का आटा मिक्स किया गया है.
क्यों खास है यह तरीका?
- गेहूं के आटे में जब आप बेसन और सोयाबीन मिलाते हैं, तो यह एक तरह से घर का बना मल्टीग्रेन आटा बन जाता है. बाजार में मिलने वाले महंगे मल्टीग्रेन आटे से यह कहीं ज्यादा फ्रेश और फायदेमंद है.
- बेसन मिलाने से आटे की बाइंडिंग बहुत अच्छी होती है. बेसन रोटी में एक अलग ही सोंधापन देता है.
- सोयाबीन प्रोटीन का सबसे अच्छा सोर्स माना जाता है. गेहूं के आटे में प्रोटीन थोड़ा कम होता है, लेकिन जब इसमें सोयाबीन का आटा मिलाने से हेल्दी बन जाता है.

कितना मिलाना चाहिए आटा-
- 1 किलो गेहूं का आटा लें
- इसमें 100 ग्राम बेसन मिलाएं
- और 100 ग्राम सोयाबीन का आटा मिलाएं.
आटा गूंथते समय किन छोटी बातों का रखें ध्यान-
- तीनों आटों को अच्छे से मिक्स कर लें. इसके बाद आटा गूंथने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. इससे आटा बहुत ही सॉफ्ट गूंथता है.
- आटा गूंथने के तुरंत बाद रोटियां न बनाएं. आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे आटे में नमी अच्छे से सेट हो जाती है और रोटियां फूलती भी अच्छी हैं.
- अगर आप चाहें तो आटा गूंथते वक्त उसमें आधा चम्मच घी या तेल भी डाल सकते हैं. इससे रोटियों का टेक्सचर और बेहतर हो जाता है.
इस रोटी को खाने के क्या हैं फायदे-
यह रोटी सिर्फ खाने में ही टेस्टी नहीं लगती, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है. सोयाबीन और बेसन मिलाने से शरीर को भरपूर प्रोटीन और फाइबर मिलता है, जिससे दिनभर एनर्जी बनी रहती है. इतना ही नहीं इससे पेट को साफ रखने में मदद मिल सकती है और वजन को कंट्रोल रखने में भी.
ये भी पढ़ें- बिना हाथ लगाए कैसे गूंथें सॉफ्ट आटा? जानिए मुलायम रोटी बनाने की आसान ट्रिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
