विज्ञापन

बिना उबाले आंवले का अचार कैसे बनाएं? इस सीक्रेट तरीके से महीनों तक नहीं होगा खराब

क्या आप भी अपने खाने के स्वाद को बढ़ाना चाहते हैं, तो इस ट्रिक से मिनटों में बनाएं स्वादिष्ट आंवले का अचार.

बिना उबाले आंवले का अचार कैसे बनाएं? इस सीक्रेट तरीके से महीनों तक नहीं होगा खराब
आंवले का अचार कैसे बनाएं.
Copilot

आंवला एक ऐसा सुपरफूड है जिसे कई तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है. ठंड का मौसम आते ही अक्सर भारतीय घरों में आंवले का अचार, मुरब्बा और लड्डू देखने को मिलती है. लेकिन बात जब अचार की आती है तो मुंह में पानी आ जाता है. भारतीय खाना अचार के बिना अधूरा माना जाता है. लेकिन अक्सर कई लोगों की शिकायत ये रहती है कि आंवले का अचार जल्दी खराब हो जाता है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको हाल ही में यूट्यूब चैनल (Masala Kitchen) पर शेयर रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिसे आप आसानी से कम समय में और लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी.

यहां देखें वीडियो- 

झटपट कैसे बनाएं आंवले का अचार-

सामग्री-

अचार के लिए-

  • नमक- आवश्यकता अनुसार
  • आंवला- 500 ग्राम
  • हरी मिर्च- 10-12

मसाला बनाने के लिए-

  • सौंफ- 1½ बड़ा चम्मच
  • सूखा साबुत धनिया- 1½ बड़ा चम्मच
  • जीरा- 1 बड़ा चम्मच
  • मेथी दाना- ½ छोटा चम्मच
  • अजवाइन- ½ छोटा चम्मच
  • काली मिर्च- 1 बड़ा चम्मच
  • पीली राई (राई दाल)- 1 बड़ा चम्मच

अचार के लिए-

  • सरसों का तेल- ½ कप
  • तैयार मसाला- 3-4 बड़े चम्मच
  • काला नमक- 1 छोटा चम्मच
  • हींग- 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
  • नमक- 1 छोटा चम्मच (या स्वादानुसार)

विधि-

इस अचार को बनाने के लिए सबसे पहले एक मोटी तली की कड़ाही गर्म करें और उसमें करीब आधी कटोरी नमक फैला दें. अब धुले हुए आंवले नमक के ऊपर डाल दें. गैस को लो से मीडियम आंच पर रखें और आंवलों को धीरे-धीरे पकने दें. करीब 7-8 मिनट बाद इसमें हरी मिर्च डाल दें और 6-7 मिनट तक और पकाएं. कुल 15 मिनट में आंवले नरम हो जाएंगे. इसके बाद गैस बंद कर दें और आंवलों को 2-3 मिनट नमक में ही रहने दें. अब आंवलों को जाली पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त नमक अलग हो जाए. ठंडा होने पर आंवलों को हाथ से तोड़ लें और उनके बीज निकाल दें. अब सौंफ, साबुत धनिया, जीरा, मेथी दाना, अजवाइन, काली मिर्च और पीली राई को धीमी आंच पर अलग-अलग हल्का भून लें. मसाले ठंडे होने पर इन्हें दरदरा पीस लें. यह मसाला अचार को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ आंवले के हल्के कसैले स्वाद को भी संतुलित करने में मदद कर सकता है. एक बड़े बाउल या जार में तैयार आंवला और हरी मिर्च डालें. चाहें तो इन्हें हल्का दरदरा भी कर सकते हैं ताकि मसाला अच्छी तरह मिल जाए. अब इसमें 3-4 बड़े चम्मच तैयार मसाला, काला नमक और स्वादानुसार नमक डालकर मिलाएं. दूसरी तरफ सरसों का तेल हल्का गर्म करें. तेल में हींग, हल्दी पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं. तैयार तेल को आंवले के मिश्रण में डाल दें और अच्छी तरह मिला लें. अगर चाहें तो थोड़ा सा कलौंजी भी मिला सकते हैं. तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भर लें. इसे 1-2 दिन धूप में रखने से स्वाद और भी अच्छा हो जाता है. हालांकि बिना धूप दिखाए भी इसे तुरंत खाया जा सकता है.

क्या खास है इस अचार को बनाने में-

इस अचार को बनाने के लिए आंवले को उबालना नहीं पड़ता. पानी की एक बूंद भी उपयोग नहीं होती. कम तेल में अचार तैयार हो जाता है. अचार जल्दी खराब नहीं होता. 

ये भी पढ़ें- आज भी जिंदा है गांव का देसी स्वाद, सरसों की खटास से घर पर बनाएं चटपटा और जायकेदार कांजी वड़ा, जानें आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amla Achar, Amla Achar Benefits, Amla Achar Kaise Banaye, Amla Achar Recipe Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com