फल कई जरूरी पोषक तत्वों का भंडार होता है. इनमें कई तरह के विटामिन, मिनरल्स और फाइबर भरपूर रूप से पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद हैं. लेकिन कई लोग ये मान लेते हैं कि सुबह उठते ही या लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद फल खाना हमेशा हेल्दी होता है. लेकिन असल में ऐसा नहीं होता है. अगर आप सुबह खाली पेट कुछ फलों का ज्यादा सेवन करते हैं, तो इससे आपको पेट में असहजता, एसिडिटी और ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यहां जानते हैं किन फलों को सुबह खाली पेट नहीं खाना चाहिए?
खट्टे फल को खाने से बनेगी एसिडिटी
सर्दियों में संतरा, नींबू और ग्रेपफ्रूट जैसे खट्टे फल खूब खाए जाते हैं. इनमें विटामिन C और साइट्रिक एसिड प्रचुर मात्रा में होता है. हालांकि, खाली पेट इनका सेवन करने से पेट की अंदर परत में जलन हो सकती है. जिन लोगों को गैस्ट्राइटिस, एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, उनके लिए यह और भी परेशानी बढ़ा सकता है.
सेब खाली पेट न खाएं
'रोज एक सेब खाओ और डॉक्टर से दूर रहो' इस कहावत को तो आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद सेब खाना सही ऑप्शन नहीं माना जाता. सेब में फाइबर और फ्रुक्टोज की मात्रा अधिक होती है, जिससे कुछ लोगों को पेट फूलना, अपच और गैस की समस्या हो सकती है. साथ ही ब्लड शुगर तेजी से बढ़कर बाद में अचानक गिर भी सकती है.
खाली पेट न खाएं अंगूर
अंगूर स्वाद में मीठे होते हैं, लेकिन इनमें हल्की एसिडिक और पर्याप्त फाइबर भी होता है. खाली पेट खाने पर ये कुछ लोगों में पेट की समस्याओं को बढ़ा सकता है. साथ ही अंगूर में मौजूद प्राकृतिक शुगर ब्लड ग्लूकोज को तेजी से बढ़ा सकती है, जिससे थोड़ी देर बाद फिर से भूख और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है.
पपीता खाली पेट न खाएं
पपीता पाचन के लिए अच्छा माना जाता है और भोजन के बाद खाना भी फायदेमंद हो सकता है. लेकिन लंबे उपवास या खाली पेट इसे खाने से सेंसटिविटी पेट वाले लोगों में सूजन, गैस और असहजता हो सकती है. इसका कारण इसमें पाया जाने वाला एंजाइम पपेन है.
खाली पेट न खाएं तरबूज और खरबूजा
तरबूज, खरबूजा और हनीड्यू जैसे फलों में पानी भरपूर रूप से होती है. हालांकि, खाली पेट बड़ी मात्रा में इन्हें खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है. इनके अधिक पानी की वजह से पेट में मौजूद एसिड का संतुलन भी प्रभावित हो सकता है.
ये भी पढ़ें - अक्टूबर में कौन से फल खाएं और कौन से नहीं, एक्सपर्ट से जानें इस मौसम के बेस्ट और वर्स्ट Fruits
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं