घर पर जब भी हम नान बनाने का सोचते हैं, तो सबसे पहले तंदूर की याद आती है, लेकिन अगर आपके पास तंदूर नहीं है, तब भी चिंता की कोई बात नहीं. आप तवे पर ही एकदम क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट आलू नान तैयार कर सकते हैं. मशहूर यूट्यूब चैनल NishaMadhulika की यह आसान आलू मसाला नान रेसिपी आपको घर के सिंपल से तवे पर ही ढाबे जैसा स्वाद दे सकती है. इस रेसिपी की अलग बात ये है कि इसे तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है. सुबह के ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर में ये नान दही, रायता, चटनी या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ शानदार लगती है. अगर आप परिवार के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
क्रिस्पी आलू नान बनाने का क्या तरीका है?
आवश्यक सामग्री
- मैदा - 2 कप
- दही - 1/4 कप
- चीनी - 1 छोटा चम्मच
- नमक - 1/2 छोटा चम्मच
- बेकिंग सोडा - 1/4 छोटा चम्मच से थोड़ा कम
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- गुनगुना पानी
- आलू - 2 उबले
- नमक - स्वादानुसार
- धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर - 1/4 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटा चम्मच
- बारीक कटी हुई - 2 हरी मिर्च
- हरा धनिया - 2 से 3 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और बीच में जगह बनाकर उसमें दही, चीनी, नमक, बेकिंग सोडा और तेल डालें. सभी चीजों को मिलाने के बाद गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें. अब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर आटे को 4 से 5 मिनट तक अच्छी तरह मसलते हुए चिकना कर लें.
तैयार आटे को ढककर 2 से 2.5 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें, ताकि वो फूल जाए. इस बीच स्टफिंग तैयार कर लें. उबले आलू को अच्छी तरह मैश करें. इसमें नमक, धनिया पाउडर, अमचूर, लाल मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें.
आटा तैयार होने के बाद उसका एक हिस्सा लेकर लोई बनाएं और सूखे मैदे की मदद से 3 से 4 इंच तक बेल लें. बीच में 2 से 3 चम्मच आलू की स्टफिंग रखें और किनारों को बंद करके हल्के हाथ से दबाएं. फिर इसे थोड़ा मोटा रखते हुए अंडाकार आकार में बेल लें.
अब एक सिंपल सा तवा गर्म करें. नान की एक ओर थोड़ा पानी लगाएं और पानी वाली सतह को तवे पर चिपका दें. जब ऊपर की सतह हल्की फूलने लगे तो तवे को उल्टा करके गैस की आंच पर नान को सेंकें. जैसे ही सुनहरे भूरे धब्बे दिखने लगें, नान तैयार है.
तवे से उतारकर तुरंत घी लगाएं. इसी तरह बाकी नान भी बना लें. गरमागरम आलू मसाला नान को दही, रायता, हरी चटनी या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोसें. इसका ढाबे जैसा स्वाद सभी को पसंद आएगा.
ये भी पढ़ें- गुड़ का दलिया कैसे बनता है? सर्दियों में गर्मागर्म बच्चों और बुजुर्गों को बनाकर खिलाएं, बढ़ेगी तंदरुस्ती और एनर्जी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं